National

दिल्ली में मौसम की मनमर्जियाः दिन में दिखा रात सा नजारा, कई हिस्सों में भारी बारिश

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम की आंखमिचौली देखने को मिली. अचानक बदले मौसम के कारण दिन में ही रात का नजारा देखने को मिला. मंगलवार सुबह कई हिस्सों में भारी बारिश होने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया. उत्तरी रेलवे ने बताया कि करीब 15 ट्रेनें औसतन दो से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं. इनमें हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, मालदा-दिल्ली जंक्शन फरक्का एक्सप्रेस, मुंबई अमृतसर एक्सप्रेस और अन्य शामिल हैं. पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस करीब छह घंटे की देरी से चल रही है.

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में 14.8 मिमी, पालम वेधशाला में 22.8 मिमी, लोधी वेधशाला में 15 मिमी और आया नगर में 26.1 मिमी बारिश दर्ज की गई. अधिकारी ने कहा, ‘न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान के सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.’ सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिक ने दिनभर बारिश होने का पूर्वानुमान भी लगाया है.

हिमस्खलन से जवाहर सुरंग और श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद

इधर जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन के कारण काजीगुंड की तरफ से जवाहर सुरंग के दोनों रास्ते अवरुद्ध हो जाने के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार को बंद हो गया.

पुलिस ने बताया कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, हिमस्खलन के कारण काजीगुंड की ओर जवाहर सुरंग के दोनों रास्ते अवरुद्ध हो गए.”

उन्होंने बताया कि कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले मार्ग पर हिमस्खलन के चलते यातायात को निलंबित करना पड़ा. इधर लोगों एवं मशीनों की मदद से मलबा साफ कराने का काम जारी है.

इसे भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री पद के लिए ममता बनर्जी परफेक्टः शत्रुघ्न सिन्हा

Related Articles

Back to top button