NEWSWING
Jamtara, 22 October : धनतेरस के साथ शुरू हुआ प्रकाशोत्सव दीपावली के बीतने के बाद अब जामताड़ा में छठ महापर्व की तैयारी तेज हो गयी है. छठ की खरीदारी के लिए बाजार में एक बार फिर से रौनक आ गयी है. छठ पर्व पर पूजा के लिए लोग हर छोटी से छोटी चीज को जुटाने में लग गये हैं. लोग छठ की पूजा शुरू हाने से पहले ही सारी तैयारी पूरी कर लेना चाहते है. इस बार 24 नवंबर से छठ शुरू हो जायेगा. 24 अक्टूबर को नहाय खाय, 25 को खरना, 26 को संध्या अर्घ्य और 27 को सुबह के अर्घ्य से पूजा संपन्न होगा.
बाजार में आयी तेजी, शुरू हुई खरीदारी
जामताड़ा में छठ पर्व की तैयारी जोर– शोर से शुरू हो चुकी है. हर तरफ छठ पूजा के सामानों की दुकानें सज गयी है. लोग पूजा के लिए छोटी से छोटी सामाग्री जुटाने में लगें है. छठ पूजा के लिए कोशी, पीतल का सूप, बांस का सूप, दउरा, साड़ी, गन्ना, नारियल, फल सहित पूजा की हर छोटे–छोटे सामानों की खरीदारी तेज हो गयी है.
कपड़े की दुकानों पर भी रौनक
छठ पूजा से पहले साड़ी की दुकानों पर भी रौनक आ गयी है. पूजा में छठ मईया को साड़ी चढ़ायी जाती है और पूजा करने वाली व्रती भी नयी साड़ी में ही पूजा करती हैं. इसलिए इस समय साड़ी की दूकानों पर भीड़ लगी हुई है. भक्त छठ मईया की पूजा नये वस्त्र पहन कर करते है. साथ ही इस समय चुड़ी, बिंदी सहित महिलाओं के साज-सज्जा की दुकानों पर भी लोगों की भी भीड़ देखी जा सकती है.
छठ के गीतों की है जबरदस्त मांग
छठ पर्व शुरू होने के साथ ही हर तरफ छठ मईया के गीत सुनाई देने लगते हैं. इस समय बाजार में छठ गीतों की सीडी व डीवीडी की जबरदस्त मांग है. बाजार में नये–नये छठ के गीतों की भरमार है.




