National

49 के हुए राहुल गांधी, जन्मदिन पर PM ने दीं शुभकामनाएं

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की.

उन्होंने ट्वीट किया कि श्री राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं. ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य दे और दीर्घायु बनाए. उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनावों के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली थी. इन चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को भारी बहुमत से जीत मिली.

राहुल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मनाया जन्मदिन

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को 49 साल के हो गए और उन्होंने अपना जन्मदिन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मनाया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी गांधी के जन्मदिन पर उन्हें अकबर रोड स्थित पार्टी के मुख्यालय में बधाई दी.

पार्टी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के साथ इस दौरान हलके-फुलके अंदाज में नजर आए. गांधी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वाले लोगों को मिठाइयां भी खिलाई.

इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, मुख्य सचेतक के. सुरेश तथा अन्य नेता मौजूद थे.

मायावती ने भी दी बधाई

बसपा अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी. मायावती ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई. उनके लम्बे एवं स्वस्थ जीवन की कामना करती हूं.

राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के यहां हुआ. वह अपने माता-पिता की दो संतानों में बड़े हैं.

Related Articles

Back to top button