Uncategorized

अमित शाह की रैली में लगे पोस्टर से गायब दिखी पीएम मोदी की तस्वीर, नेताओं ने बताया मानवीय भूल

Raebareli :  यूपी के रायबरेली को सोनिया गांधी का अभेद्य किला माना जाता है, जहां अब तक कांग्रेस की ही धाक रही है. सोनिया गांधी के उसी गढ में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रैली थी. रैली को भव्य बनाने के लिए खास इंतजाम भी किए गए थे. बड़े-बड़े पोस्टर भी लगवाए गए थे. मुख्य मंच पर जो विशाल पोस्टर लगाया गया था, उसे देखकर सभी हैरान थे, क्योंकि उसमें वो बात थी, जो अमूमन पहले कभी देखने को नहीं मिलती थी. यानि पोस्टर में अमित शाह की बड़ी तस्वीर तो थी, लेकिन उसमें से पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर गायब थी. इस मंच पर अमित शाह के अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे. इस मंच से कांग्रेस ही नहीं, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर शाह और योगी ने जमकर प्रहार किया. लेकिन रैली समाप्त होने के बाद जो सवाल उठने लगे उससे बीजेपी असहज मुद्रा में आ गई. हैरानी की बात है कि इस पोस्टर में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय और डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की भी तस्वीर थी, लेकिन पीएम की तस्वीर नदारद थी. इस रैली को परिवर्तन रैली नाम दिया गया था, लेकिन यहां पोस्टर में ही जो परिवर्तन देखने को मिला उससे उठते सवाल पर अब बीजेपी को जवाब देते नहीं बन रहा.

इसे भी देखें- सोनिया के गढ़ रायबरेली में अमित शाह का विरोधियों पर प्रहार : कहा, पहले गुंडाराज से थी यूपी की पहचान

बाद में जब स्थानीय नेताओं से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे मानवीय भूल बताते हुए पल्ला झाड़ने की कोशिश की. साथ ही इसपर टिप्पणी करने से भी बचते रहे. बीजेपी नेताओं ने बस इतना कहा कि इस मानवीय भूल का कुछ और मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए. संभव है कि ये एक भूल ही हो, लेकिन शाह की रैली पर चुटकी लेने का मौका विपक्षी दलों को भी मिल गया है, आने वाले वक्त में इस पर सियासी बयानबाजी भी सामने आने लगेगी.

इसे भी देखें- खिसियाए पाक विदेश मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने मोदी को कहा ‘अनपढ़’

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button