नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि मुंबई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों के दोषी याकूब मेमन की फांसी को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। भाजपा ने लोगों से न्यायालय के फैसले का सम्मान करने का आग्रह किया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “प्रत्येक न्यायालय ने याकूब मेमन को मृत्युदंड देने के फैसले को सही ठहराया है। 20 सालों बाद यह मामला बंद होने वाला था, लेकिन अब लोग इस मामले पर राजनीति खेलकर इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।”
1993 मुंबई बम विस्फोट में 257 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसके साथ ही करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी।
पात्रा ने किसी का नाम नहीं लेते हुए कहा कि लोग याकूब मेमन के लिए सहानुभूति जगाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा, “सभी भारतीयों को न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए और फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हमें न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए। यदि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता तो आतंकवादियों का धर्म कैसे हो सकता है। किसी आतंकवादी को धर्म से जोड़ना उस धर्म के साथ अन्याय है।”
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने याकूब मेमन की फांसी का यह कहते हुए विरोध किया है कि उसे भाई टाइगर मेमन के कृत्यों के लिए दंडित नहीं किया जाना चाहिए।




