
Dumka : झारखंड की उपराजधानी दुमका में भी 12 साल की एक बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता मूल रूप से पाकुड़ जिला के अमड़ापाड़ा की रहने वाली है. वह दुमका के कडलबील इलाके में अपने चाची के घर पर रहकर सरकारी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ रही है. बताया जाता है कि रविवार की रात 9:00 बजे यह बच्ची घर का दरवाजा बंद करने निकली थी. इसी दौरान तीन लड़के उसे उठाकर घर के पीछे ले गये. उसके मुंह में बालू भर दिया और हाथों को रस्सी से बांधकर उसके साथ बारी-बारी से दुष़्कर्म किया, जिसके कारण बच्ची बेहोश हो गयी. सोमवार को स्थानीय लोगों की नजर बच्ची पर पड़ी. उसे गंभीर हालत में दुमका सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया. सामूहिक बलात्कार की इस घटना को लेकर दुमका के एसपी किशोर कौशल, डीएसपी अशोक कुमार सिंह और नगर थानेदार देवव्रत पोद्दार सदर अस्पताल पहुंचे. वहीं नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता झा, सीडब्ल्यूसी के चेयरपर्सन अमरेंद्र यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली.
सीडब्लूसी ने नाबालिग से दुष्कर्म की घटना पर लिया संज्ञान
नाबालिग से दुष्कर्म की घटना की सूचना मिलने पर संज्ञान लेकर बाल कल्याण समिति बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट के अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार यादव, सदस्य धर्मेन्द्र नारायण प्रसाद व शकुंतला दुबे ने सदर अस्पताल जाकर पीड़िता से मुलाकात कर घटना और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली. साथ ही सिविल सर्जन को मेडिकल बोर्ड गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया. अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की स्थिति में सुधार होने के बाद सीडब्लूसी नाबालिग का बयान दर्ज करेगी. नाबालिग युवती की समुचित देखभाल और संरक्षण के बिंदु पर निर्देश जारी किया जायेगा. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे घृणित कार्य करने वाले को जिला प्रशासन अविलम्ब गिरफ्तार करे. समाज में जनजागृति फैला कर एवं गली मुहल्लों के असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को देकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई कराने में मदद करनी चाहिए.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




