नई दिल्ली: हीरो जूनियर विश्व कप की खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय हॉकी टीम ने गुरुवार को 9-12 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में अर्जेटीना को 4-2 से हरा दिया। अब शनिवार को भारत 9-10 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा।
पाकिस्तान ने गुरुवार को ही 9-12 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में दक्षिण अफ्रीका को 4-0 से पराजित किया। भारत और पाकिस्तान की टीमें बेशक अब खिताब की दौड़ में नहीं हैं, लेकिन दोनों देशों के हॉकी प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि अब वे चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक कांटे की टक्कर देख सकेंगे, जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार होता है।
इसके अलावा शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में फ्रांस का सामना मलेशिया से होगा जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा उपविजेता नीदरलैंड्स और मौजूदा चैम्पियन जर्मनी आमने-सामने होंगे।
भारत ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में गुरुवार को अपने खेल का स्तर उठाते हुए अर्जेटीना पर एकतरफा जीत दर्ज की। भारत की ओर से रमनदीप सिंह ने चौथे और 31वें मिनट में दो गोल किए, जबकि अमित रोहिदास ने सातवें और गुरजिंदर सिंह ने 40वें मिनट में गोल किया।
भारतीय टीम मध्यांतर तक 3-0 से आगे थी। विश्व कप में अब तक गुरजिंदर ने भारत के लिए सबसे अधिक पांच गोल किए हैं। उनके सभी गोल पेनाल्टी कार्नर पर हुए हैं। अर्जेटीना के लिए पहला गोल लुकास मार्टिनेज ने 38वें मिनट में किया जबकि दूसरा गोल 69वें मिनट में लाउतारो दियास द्वारा किया गया।
भारतीय टीम पूल-सी में तीसरे स्थान पर रही थी। भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए अपने अंतिम पूल मैच में कोरिया को हराना था, लेकिन कोरिया ने अंतिम 12 मिनट में किए गए दो शानदार गोलों की बदौलत उसे 3-3 की बराबरी पर रोक दिया।
कोरिया इस ड्रॉ के साथ पूल-सी से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहा लेकिन अंतिम-8 मैच में वह मलेशिया से हार गया। मलेशिया ने कोरिया को 2-1 से हराया और सेमीफाइनल में फ्रांस से भिड़ने का अधिकार हासिल किया, जिसने बेल्जियम को खिताब की दौड़ से बाहर किया।
दूसरी ओर, मध्यांतर तक पाक टीम 1-0 से आगे थी। पाकिस्तान के लिए शकील अहमद बट्ट ने 42वें और 44वें मिनट में गोल दागे जबकि मोहम्मद दिलबेर ने आठवें और मोहम्मद इरफान ने 61वें मिनट में गोल किया।
पाकिस्तान पूल-ए में तीसरे क्रम पर रहा था, जबकि दक्षिण अफ्रीका पूल-डी में तीसरे स्थान पर आया था। पाकिस्तान को तीन में से एक जीत, एक हार और एक ड्रॉ मिला था जबकि द. अफ्रीका को दो हार और एक जीत मिली थी।
गुरुवार को खेले गए आखिरी क्वार्टर फाइनल मैच में जर्मन टीम ने आस्ट्रेलिया पर 4-3 से जीत हासिल की। इसी के साथ सेमीफाइनल का लाइनअप पूरा हुआ। पहले क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने यूरोपीयन चैम्पियन बेल्जियम को 5-4 से हराया था।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में एशियाई चैम्पियन मलेशिया ने कोरिया को 2-1 से शिकस्त दी। तीसरे क्वार्टर फाइनल में जर्मनी ने बाजी मारी जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड्स ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया। फाइनल मुकाबला 15 दिसंबर को रात 8.0 बजे से खेला जाएगा।
शुक्रवार को 5-8 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में बेल्जियम का सामना कोरिया से होगा जबकि इसी स्थान के लिए आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की भिड़ंत होगी। शनिवार को 15-16 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में मिस्र और कनाडा आमने-सामने होंगे।
इसी तरह इंग्लैंड और स्पेन 13-14 तथा दक्षिण अफ्रीका और अर्जेटीना 11-12 स्थान के क्लालिसिफिकेशन मैच में हिस्सा लेंगे। इंग्लैंड ने 13-16 स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में मिस्र को 6-1 से, तथा स्पेन ने इसी स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में कनाडा को 3-2 से हराया। (आईएएनएस)




