
Shamli : लोकसभा चुनाव हों या विधान सभा चुनाव, ईवीएम हमेशा सुर्खियों में बनी रहती है. अब सेामवार के उपचुनाव में भी ईवीएम सुर्खियां बटोर रही हैं. बता दें कि यूपी के कैराना, नूरपुर और महाराष्ट्र की भंडारा–गोंदिया में सोमवार को उपचुनाव के लिए वोटिंग के दौरान बड़े पैमाने पर ईवीएम दम तोड़ती नजर आयीं. भारी संख्या में मशीनें खराब होने की शिकायत से आम वोटरों के साथ चुनाव आयोग भी हलकान रहा. चुनाव आयोग के अनुसार ईवीएम में तकनीकी खराबी प्रचंड गर्मी के कारण आ रही है. कहा कि ईवीएम के सेंसर में गड़बड़ी आयी है. देश भर में सेामवार को चार लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गये हैं. ईवीएम खराब होने पर सभी दल सांसत में हैं, चुनाव आयोग ने कुछ वोटिंग मशीनों के खराब होने की बात स्वीकारते हुए भरोसा दिलाया है कि सभी वोटर्स को मतदान का मौका मिलेगा. कैराना संसदीय क्षेत्र स़्थित शामली के डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि गर्मी के कारण वीवीपैट मशीनों के सेंसर में गड़बड़ी आ रही है; टेक्निकल अफसर उसे ठीक कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःमुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव सरकारी बंगला बचाने सुप्रीम कोर्ट के शरणागत हुए
ईवीएम में खराबी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जमकर आरोप–प्रत्यारोप
जान लें कि सोमवार सुबह ईवीएम में खराबी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जमकर आरोप–प्रत्यारोप लगाये गये है. यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा है कि कहा है कि हज़ारों ईवीएम में ख़राबी की शिकायतें आ रही हैं. कहा कि किसान, मज़दूर, महिलाएं व युवा भीषण गर्मी में अपनी बारी के इंतज़ार में भूखे–प्यासे खड़े हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि यह तकनीकी ख़राबी है या चुनाव प्रबंधन की विफलता या फिर जनता को मताधिकार से वंचित करने की साज़िश. कहा कि इस तरह से तो लोकतंत्र की बुनियाद ही हिल जायेगी. बता दें कि कैराना सीट राजनीतिक पार्टियों के लिए काफी अहम मानी जा रही है. क्योंकि यहां भाजपा के खिलाफ विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें- कैराना उपचुनावः कई बूथों पर ईवीएम फेल, उपचुनाव रद्द करने की उठी मांग
आरएलडी उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई
कैराना लोकसभा सीट से आरएलडी उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है. उधर महाराष्ट्र में भंडारा–गोंदिया और पालघर लोकसभा उपचुनाव में मतदान के दौरान कई जगहों से ईवीएम खराब होने की सूचना आयी. भारिप बहुजन महासंघ के नेता एवं पूर्व सांसद प्रकाश आंबेडकर के अनुसार लगभग 450 ईवीएम में खराबी आयी है. चुनाव अधिकारी के अनुसार भंडारा–गोंदिया और पालघर संसदीय क्षेत्र में कुछ जगहों से तकनीकी खराबी के कारण ईवीएम और वीवीपैट मशीनें खराब होने की सूचना पर ईवीएम बदल दी गयी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




