
News Wing Desk
भारत और रुस मिलकर दोस्ती का एक और अध्याय लिखेंगे. इसी आशा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रुस के सोचि शहर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर रिश्तों में गर्माहट लाने की कोशिश की. दोनों नेताओं के बीच चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने भारत और रूस के संबंधों की चर्चा की. उन्होंने कहा कि ‘दोनों देश लंबे समय से मित्र रहे हैं. सोचि में अनौपचारिक मुलाकात के लिए राष्ट्रपति पुतिन ने मुझे आमंत्रित किया, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं.‘ इस दौरान पीएम ने कहा कि भारत को शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) में स्थायी सदस्यता दिलाने में रूस ने बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि हम इंटरनैशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपॉर्ट कॉरिडोर (INSTC) पर और BRICS के लिए मिलकर बेहतर काम कर रहे हैं. गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन में आठ देश सदस्य हैं, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सैन्य और आर्थिक सहयोग करना है. भारत और पाकिस्तान पिछले वर्ष इस संगठन में शामिल हुए थे. चीन अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बेल्ड ऐंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) के जरिए एशिया, अफ्रीका और यूरोप में अपना कारोबार बढ़ाना चाहता है. हालांकि उसकी मंशा पर भारत समेत कई देशों को संदेह है. भारत ने इसका विरोध भी किया है, क्योंकि इसमें शामिल चीन-पाक आर्थिक कॉरिडोर पीओके से होकर गुजर रहा है. ऐसे में भारत और रूस समेत कई देश मिलकर 7200 किमी लंबे इंटरनैशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर पर काम कर रहे हैं. यह शिप, रेल और सड़क मार्ग का मल्टी-मोड नेटवर्क है.
इसे भी पढ़ें- उड़ान के दौरान विमान के शौचालयों से मानव अपशिष्ट नीचे गिराना संभव नहीं : DGCA
रक्षा सौदों को लेकर भी हो सकती है बात
पीएम मोदी ऐसे समय में रूस की यात्रा पर गए हैं जब अमेरिका और रूस के बीच बढ़ती प्रतिद्वंद्विता में एक बार फिर US प्रतिबंधों का दौर शुरू हो गया है. रूस की हथियार बनाने वाली सरकारी कंपनी के अलावा अन्य कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. रूसी सैन्य निर्यात पर अमेरिकी प्रतिबंध से भारत के साथ होनेवाली करीब 39,822 करोड़ रुपये की डील खतरे में है. भले ही पीएम का यह दौरा अनौपचारिक हो पर इस दौरान इस मसले पर भी बात होने की गुंजाइश है.
इसे भी पढ़ें- आर्थिक नाकामी को राजनीतिक नाकामी से अलग कर दिया है मोदी शाह ने
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




