Uncategorized

मीडिया समूहों को पैसे बांटे गए : आप

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को दावा किया कि पार्टी को बदनाम करने के लिए कुछ मीडिया समूहों को 1,400 करोड़ रुपये बांटे गए। आप की यह प्रतिक्रिया हाल ही में पार्टी के कुछ सदस्यों के खिलाफ किए गए स्टिंग ऑपरेशन के जवाब में आया है।

समाचार वेबसाइट मीडियासरकार डॉट कॉम द्वारा जारी स्टिंग ऑपरेशन में आप के कुछ सदस्यों को बिना जांच-पड़ताल के चंदा स्वीकारते हुए दिखाया गया था।

आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर खाते पर की गई टिप्पणी में कहा, “मुझे बताया गया है कि कुछ मीडिया समूहों के बीच 1,400 करोड़ रुपये बांटे गए। ये कौन से मीडिया समूह हैं।”

आम आदमी पार्टी ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में भी कहा कि वह समाचार वेबसाइट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुरंजन झा और कुछ मीडिया समूहों के खिलाफ मुकदमा करेगी।

आम आदमी पार्टी ने संवाददाता सम्मेलन में स्टिंग ऑपरेशन में फंसे अपने सदस्यों को क्लीन चिट दे दी।

आप सदस्य, प्रशांत भूषण ने कहा, “हम जल्द ही समाचार वेबसाइट और कुछ समाचार चैनलों के खिलाफ सिविल एवं आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।”

पार्टी सदस्य योगेंद्र यादव ने कहा, “आप उम्मीदवारों को बुरा दिखाने के लिए वीडियो के विशेष हिस्से ही दिखाए गए। इस स्टिंग ऑपरेशन के पीछे राजनीतिक साजिश है। हमारे सभी सदस्य ईमानदार और निरपराध हैं।” (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button