News Wing
Ranchi, 6 November: प्लस टू विद्यालयों में नियुक्ति के लिए चयनित अभ्यर्थियों को राज्य के स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा. नियुक्ति के लिए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो गयी है.
शिक्षकों के पदस्थापन को लेकर स्थापना समिति की बैठक जल्द होगी. राज्य के 171 प्लस टू उच्च विद्यालय में 513 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा परीक्षा ली गयी थी. इसमें 139 पद रिक्त रह गये. शिक्षकों की नियुक्ति इतिहास, भौतिकी व रसायन विषय में की जायेगी.
स्कूलों की होगी ऑनलाइन निगरानी
स्थापना दिवस पर 40 हजार स्कूलों को टैब दिया जायेगा. टैब वितरण के बाद स्कूलों की ऑनलाइन निगरानी शुरू होगी. इसके लिए ई-विद्यावाहिनी नाम से सॉफ्टवेयर तैयार किया गया. सॉफ्टवेयर गुणवत्ता युक्त शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है. इसके माध्यम से स्कूल निरीक्षण के लिए जानेवाले पदाधिकारी को भी ऑनस्पॉट अपनी रिपोर्ट तैयार करनी होगी. सॉफ्टवेयर में स्कूल निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट देने की व्यवस्था की गयी है.
सहायक प्राध्यापकों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
स्थापना दिवस के मौके पर कॉलेजों में कांट्रैक्ट पर नियुक्ति पत्र भी दिया जाएगा. विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है. राज्य के विवि में शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति होने तक सभी विवि में कांट्रैक्ट पर शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गयी है. नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लिया गया है.




