
Ranchi:झारखंड के दो राज्यसभा सीटों के लिए 23 मार्च को चुनाव होना है. इसे देखते हुए झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के विधयाक प्रदीप यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर भयमुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की मांग की है. प्रदीप यादव ने एक मार्च 2018 को पत्र लिखा है. पत्र के साथ मुख्य चुनाव आयोग द्वारा 13 जून 2017 को राज्य के मुख्य सचिव को लिखे पत्र की कॉपी भी संलग्न किया है. जिसमें चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश सरकार को दिया था. प्रदीप यादव ने अपने पत्र में उस पत्र का उल्लेख करते हुए सरकार पर आरोप लगाया है कि अभी तक उन अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है.
इसे भी पढ़ेंः रघुवर सरकार ने सीएम के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल के ससुर को बनाया फार्मेसी काउंसिल का अध्यक्ष, वाइफ पहले से हैं कानूनी सलाहकार

प्रोत्साहित होंगे दूसरे अधिकारी
विधायक प्रदीप यादव ने अपने पत्र में लिखा हैः 23 मार्च 2018 को राज्यय सभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है. झारखंड में जो परिस्थिति है, उसमें पूर्व से दोषसिद्ध अधिकारी पुनः निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. इससे इंकार नहीं किया जा सकता है. साथ ही साथ उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के परिणाम स्वरुप दूसरे पदाधिकारी भी एेसे काम करने को प्रोत्साहित होंगे.
कांग्रेस विधायक निर्मला देवी को खरीदने की हुई थी कोशिश
उल्लेखनीय है कि पिछले राज्य सभा चुनाव के वक्त कांग्रेस के विधायक निर्मला देवी को कथित तौर पर खरीदने की कोशिश की गयी थी. इसमें कथित रुप से मुख्यमंत्री रघुवर दास, एडीजी रैंक के अफसर और मुख्य मंत्री के तत्कालीन राजनीतिक सलाहकार के शामिल होने का आरोप लगा था. पूर्व मुख्यमंत्री और जेवीए के सुप्रीमो बाबू लाल मरांडी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत की थी. बाबू लाल मरांडी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को अॉडियो और वीडियो सीडी भी उपलब्ध कराया था. जिसके बाद चुनाव आयोग की टीम ने मामले की जांच की. जांच के बाद आयोग ने दोषियों के खिलाफ प्रीवेंशन अॉफ करप्शन एक्ट की धाराओं और भारतीय दंड विधान की धारा 171बी व 171सी के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




