रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य के बेरोजगार युवाओं के कौशल विकास और क्षमता संवर्द्धन से राज्य तेजी से विकास की राह में आगे बढ़ सकता है। यहां की महिलाएं मेहनती हैं, उन्हें प्रशिक्षित कर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारना भी संभव है। इसलिए प्रशिक्षण में महिलाओं को विशेष स्थान दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित अपने सभाकक्ष में टाटा मोटर्स और राज्य सरकार के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट आॅफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेन्टर की स्थापना के लिए एमओयू हस्ताक्षर के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न सिर्फ ड्राइविंग का प्रशिक्षण बल्कि वाहनों के रख रखाव के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। अप्रशिक्षित चालक और खलासी के लिए भी कम समय के रिफ्रेशर कोर्स की व्यवस्था होनी चाहिए।
गौरतलब है कि 12 वीं पंचवर्षीय योजना में सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक राज्य में सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की योजना के अंतर्गत इंस्टीट्यूट आॅफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर स्थापित की जानी है। इसी क्रम में ज्वाइंट वेंचर के तहत टाटा मोटर्स के साथ झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले में इंस्टीट्यूट आॅफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार और टाटा मोटर्स के बीच करार हुआ। इसकी स्थापना में राआधारभूत संरचना निर्माण के लिए सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये जायेंगे।
सेंटर की स्थापना के लिए राज्य सरकार जमशेदपुर के निकट काशीडीह मौजा में 12 एकड़ शुल्क रहित भूमि उपलब्ध करा रही है। यहां टाटा मोटर्स द्वारा चालकों के प्रशिक्षण के लिए पाठ्यक्रम का निर्माण तथा प्रशिक्षण के लिए वाहन और अन्य उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे।
आई.डी.टी.आर. का निर्माण डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। इस संस्थान द्वारा एक वर्ष में 3000 से ज्यादा लाइट मोटर व्हीकल, लाइट ट्रांसपोर्ट व्हीकल तथा हेवी ट्रांसपोर्ट व्हीकल के प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा 15 हजार चालकों को प्रतिवर्ष रिफ्रेशर कोर्स कराये जाने का लक्ष्य है।
इस संस्थान में इनोवेटिव ड्राइविंग टेस्टिंग सिस्टम की स्थापना होगी जहां कैमरा बेस्ड ड्राइविंग स्किल असेसमेंट किया जायेगा। इससे सही रूप से प्रशिक्षित चालकों को ही चालक अनुज्ञप्ति मिल सकेगा।
प्रोजेक्ट भवन में राज्य सरकार की ओर से परिवहन सचिव रतन कुमार तथा टाटा मोटर्स की ओर से वाॅयस प्रेसिडेंट संजीव गर्ग और ग्लोबल हेड कस्टमर केयर सी.व्ही.बी.यू. ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सी.पी. सिंह, मुख्य सचिव राजीव गौबा, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग की प्रधान सचिव मृदुला सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल और टाटा मोटर्स के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
(सूजसंवि)




