रांची: महिला आयोग की अध्यक्ष और सदस्यों के मनोनयन पर राज्य की कई महिला संगठन और राजनीतिक दलों ने विरोध प्रकट किया है। महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राज्यपाल से मिलकर नवनियुक्त अध्यक्ष डा महुआ माजी के मनोनयन के खिलाफ आपत्ति दर्ज करते हुए उनकी पात्रता पर प्रश्नंचिन्ह लगाया। और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की। इससे पहले, शनिवार को महिला नेताओं ने राजभवन के सामने इसी मांग को लेकर धरना दिया था। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस और राजद महिला कोषांग की नेत्रियां शामिल थीं।
महिला प्रतिनिधियों का आरोप है कि डा माजी से कहीं ज्यादा योग्य उम्मीदवारों को अनदेखा करते हुए उन्हें महिला आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया। डा माजी के पास अध्यक्ष बनने लायक महिला मुद्दों पर काम करने का कोई खास अनुभव ही नहीं हैं। प्रतिनिधिमंडल ने डा माजी द्वारा लिखित पुस्तक ‘मरंग गोड़ नीलकंठ हुआ’ में नक्सल सहानुभूति वाले नजरिये पर भी आपत्ति दर्ज करायी। उनका कहना है कि पुस्तक का सार नक्संली विचाराधारा को समर्थन करनेवाला है। इस विचारधारा की लेखिका राज्य की महिलाओं का क्या भला करेंगी?
बताते चलें कि डा महुआ माजी की लिखी एक अन्य पुस्तक ‘मैं बोरिशाइल्ला’ भी पिछले दिनों काफी विवादों में रही। उस पुस्तक के बूते उन्हें एक विदेशी सम्मान मिला। लेकिन, साहित्यकारों का ही एक खेमा ने आरोप लगाया था कि वह पुस्तुक डा महुआ की मौलिक कृति नहीं, बल्कि उनके किसी नजदीकी द्वारा लिखे गए आलेखों की पुनर्प्रस्तुति थी। (फोटो में: डा महुआ माजी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर राज्यपाल से मिलती महिला प्रतिनिधिगण।)




