
NewDelhi : मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का 90 वर्ष की उम्र में भोपाल के एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया. वह कई दिनों से बीमार थे. उनके पुत्र और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने जानकारी दी कि उन्होंने बंसल अस्पताल में अंतिम सांस ली. जानकारी के अनुसार कैलाश जोशी का अंतिम संस्कार सोमवार को देवास में होगा. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कैलाश जोशी के निधन का समाचार का सुनते ही अस्पताल पहुंचे.
14 जुलाई 1929 को जन्मे कैलाश जोशी को राजनीति का संत कहा जाता था. वह 1977 से लेकर 1978 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. वह आठ बार विधायक रहे. कैलाश जोशी ने लोकसभा व राज्यसभा के सांसद भी रहे. नगरपालिका अध्यक्ष से राजनीति शुरू करने वाले कैलाश जोशी 1977 में मध्य प्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने थे. बाद में तबीयत खराब रहने के कारण उन्होंने मुख्मयंत्री का पद छोड़ दिया था.
इसे भी पढ़ें : #MahaPoliticalTwist फ्लोर टेस्ट टला, SC में कल फिर सुनवाई, सरकार और सीएम फडणवीस को नोटिस
Kailash Joshi Ji was a stalwart who made a strong contribution towards Madhya Pradesh’s growth. He worked hard to strengthen Jan Sangh and BJP in Central India. He made a mark as an effective legislator. Pained by his demise. Condolences to his family and supporters. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 24, 2019
कैलाश जोशी के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया
कैलाश जोशी के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट किया कि कैलाश जोशी जी एक ऐसे नेता थे जिन्होंने मध्य प्रदेश के विकास में एक मजबूत योगदान दिया. उन्होंने मध्य भारत में जनसंघ और भाजपा को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की. उन्होंने एक प्रभावी विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई. उनके निधन से दुख हुआ. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना. ओम शांति.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृदभाषी, सरल, सहज व्यक्तित्व के धनी कैलाश जी का निधन राजनीति क्षेत्र की एक अपूरणीय क्षति है. परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दे और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे.
इसे भी पढ़ें : #MaharashtraPolitics : भाजपा ने NCP विधायक दल के नेता पद से अजित पवार को हटाये जाने को अवैध करार दिया




