
रेलवे रांची-मुरी मार्ग में करीब पन्द्रह जगहों पर बनाया अंडरपास
Ranchi: 24 जंगली हाथियों के संभावित आगमन को लेकर वन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है. जंगली हाथियों के झुंड ने फिलहाल झारखड-बंगाल व उड़ीसा के सीमावर्ती जंगल बहरागोड़ा के चाकुलिया रेंज के जंगल में शरण लिये है. पर्याप्त मात्रा में मिल रही भोजन के कारण झुंड अभी वही पर ठहरा हुआ है. 8 मई को हाथियों का यह झुंड बहरागोड़ा लोधनबनी के पास बंगाल से झारखंड की सीमा में प्रवेश किया था. यह झुंड झारखंड में अंतिम शरण अनगडा-सिल्ली के जंगलों में लेता है. एक पखवाड़ा में हाथियों का यह झुंड अनगड़ा-सिल्ली के जंगल तक पहुंच सकता है.
इसे भी पढ़ें: स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान ई-कामर्स से गैर-जरूरी सेवाओं का व्यापार प्रतिबंधित हो : चैंबर
सैकड़ों सालों से हाथियों का एक झुंड भोजन की तलाश में बंगाल से चलकर अनगड़ा-सिल्ली के जंगलों में आता रहा है. इस क्षेत्र में हाथियों को पर्याप्त मात्रा में महुआ, गरमा धान, कटहल व बांस करील खाने को मिल जाता है. लोग इन सामग्रियों को अपने अपने घरों में संग्रह करते है. हाथियों का झुंड ऐसे घरों को ध्वस्त कर अपना भोजन करते है. कालक्रम में हाथियों के निर्धारित रूट में मानव बसावट हो गई. जिस कारण हाथी-मानव में झड़प होते रहती है. हाथियों का झुंड दो रूट से अनगड़ा-सिल्ली पहुंचता है.
ये है रूटः
बुंड-तमाड़-श्यामनगर-सोसो-लाधुप-दवारू व दूसरा रूट तमाड़-बुंडू-जरगा-पैका-रामपुर-तुपुदाना का रूट
इसे भी पढ़ें: सदर अस्पताल में डॉक्टर ने पकड़ा एक्सपायर्ड इंजेक्शन
सदियों से चली आ रही हाथियों के इस रूट को ध्यान में रखते हुए वनविभाग के आग्रह पर रेलवे के द्वारा रांची-मुरी मार्ग में करीब पन्द्रह जगहों पर अंडरपास बनाया गया है. कई जगहों पर अंडर पास का निर्माण चल रहा है. पूर्व में ट्रेन की चपेट में आने से कई हाथी मारे जा चुके है. हाथियों का आवागमन सुचारू हो इसलिए अंडर पास बनाया गया.
टार्च, पटाखा, वाहन, लाल मिर्च, मोबिल का स्टॉक किया जा रहा हैः
हाथियों के संभावित आगमन को लेकर वन विभाग अलर्ट मोड पर है. हाथी प्रभावित सिल्ली प्रखंड के गांव सहैदा, कीता, श्यामनगर व अनगड़ा प्रखंड के जोन्हा, बेंती, बीसा, जरगा, पैका व नामकुम के लाली आदि क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. तीन हाथी भगाओ दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है. इसके अलावे टार्च, पटाखा, वाहन, लाल मिर्च, मोबिल आदि का स्टॉक कर लिया जा रहा है. इसे प्रभावित गांवों में बांटा जाएगा.
हाथियों के संभावित आवागमन पर वन विभाग निगरानी कर रहा हैः
महिलोंग रेंजर आरके सिंह बताते है, घबराने की जरूरत नही है. हाथियों के संभावित आवागमन पर वन विभाग निगरानी कर रहा है. हाथी पूर्व से निर्धारित रूट में ही आना-जाना करते है. हाथियों के झुंड पहुंचने की जानकारी प्रभावित गांवों के लोगों को दे दी जाएगी. लोग सतर्क रहे. हाथियों के झुंड के पहुंचते ही उसे इस क्षेत्र से खदेड़ दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: Corona Updates: झारखंड में 4991 नये संक्रमित मिले, 6882 ठीक हुए, 108 की मौत




