एग्जिट पोल में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनती नजर आ रही है. स्टार न्यूज के सर्वे में जदयू-भाजपा गंठबंधन को दो तिहाई बहुमत मिलने की बात कही गयी है. आइबीएन-7 के ऐग्जिट पोल में एनडीए को 187 से 203 सीटें मिलने का अनुमान है. हालांकि, 24 नवंबर को सभी 243 सीटों के लिए एक साथ मतगणना होगी. उसके बाद ही सही तसवीर सामने आयेगी. बहुमत के लिए किसी भी दल या गंठबंधन को 123 विधायकों की जरूरत होगी.
एग्जिट पोल में जदयू और भाजपा गंठबंधन की स्पष्ट जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है. सी वोटर के ऐग्जिट पोल में जदयू- भाजपा गंठबंधन को 142 से 154 तक सीटें मिल सकती हैं. सीएनएन आइबीएन- द वीक के पोल के अनुसार राजग 46 फ़ीसदी मतों के साथ सबसे बड़े गंठजोड़ के रूप में उभरेगा, जबकि राजद-लोजपा गंठबंधन 27 फ़ीसदी मतों के साथ दूसरे स्थान पर है. कांग्रेस को महज नौ फ़ीसदी मत मिले हैं. वामदलों और अन्य को 9 से 19 तक सीटें मिल सकती हैं.
60 फीसदी मतदाता नीतीश के पक्ष में सीएनएन आइबीएन- द वीक ऐग्जिट पोल के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री लोकप्रियता के मामले में अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं. सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 54 प्रतिशत मतदाता नीतीश कुमार को दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाह रहे हैं, जबकि केवल 28 फ़ीसदी मतदाताओं ने लालू और राबड़ी को पसंद किया. ऐग्जिट पोल के मुताबिक न केवल नीतीश कुमार की, बल्कि उनकी सरकार की लोकप्रियता भी काफ़ी है. करीब 60 फ़ीसदी मतदाताओं ने कहा कि वे इस सरकार की वापसी चाहते हैं.




