
Chandi Dutta Jha
Ranchi : राजधानी रांची में रंगदारी वसूली का खेल अब आम बात है. राजधानी रांची में करीब 23 से 24 हजार ऑटो नगर निगम क्षेत्र में चलते हैं, जिसमें 5000 हजार ऑटो को ही परमिट दिया गया है.
वहीं 19 हजार ऑटो बगैर परमिट के निगम क्षेत्र के सड़को पर दौड़ते हैं. इतनी संख्या में चलने वाले ऑटो से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली होती है. ऑटो वालों से लोकल लोग रंगदारी वसूलते हैं. लगभग सभी ऑटो स्टैंड का यही हाल है. यह बात हम नहीं कह रहे, बल्कि राजधानी में ऑटो संघ के लोगों ने हमें इसकी जानकारी दी है. घटना की जानकारी होने के बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है. यही कारण है कि यहां के ऑटो स्टैंड में रंगदारी का खेल जारी है. यह सब नियम संगत एक प्रोटोकॉल के तरह होता है. इसमें निगम के अधिकारी से लेकर प्रशासन तक की मिलीभगत रहती है. ऊपर के अधिकारी तक बात नहीं पहुंच पाती है. इसलिए उन लोगों को लगता है सब ठीक है.
इन इलाकों में होती है अवैध वसूली
राजधानी रांची के कई इलाके में ऑटो चालकों को भले ही चुंगी न देनी पड़े, लेकिन रंगदारी देनी पड़ती है. ऑटो से वसूली का कोई रेट तय नहीं है, मनमाने तरीके से एजेंट वसूली किया जाता है.
हटिया रोड, धुर्वा रोड, लोघमा कर्रा रोड, नामकूम-रामपुर रोड, ओरमांझी-कोटाटोली रोड, ओरमांझी-बूटी मोड़, जेल मोड़ रोड, ओरमांझी जाकिर हुसैन पार्क रोड, कांके, रातु, नगड़ी व हरमू बाईपास रोड में अवैध वसूली होती है. बताया गया है कि इन इलाकों में अवैध वसूली में ऑटो चालक, ऑटो मालिक व अन्य लोग शामिल रहते है. प्रति ऑटो एक हजार से तीन हजार तक वसूली की जाती है. यह वसूली पुलिस के नाम पर होती है. जिसका एक हिस्सा पुलिस को भी पहुंचाए जाने की बात आम है. यही कारण है कि वाहनों में डग्गामारी खुलेआम होती है. जिसको देखकर अनदेखा किया जाता है.
अवैध वसूली में होता है विवाद, पकड़े गये थे दो आरोपी
बीते वर्ष सितम्बर में अरगोड़ा पुलिस ने ऑटो चालकों से अवैध वसूली करते खादगढ़ा सब्जी मंडी निवासी नीरज कुमार और अरगोड़ा पिपरटोली निवासी अजय नायक को गिरफ्तार किया था. अरगोड़ा चौक पर ऑटो पड़ाव के नाम पर चालकों से अवैध वसूली की जा रही थी. पुलिस को पुछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अरगोड़ा चौक से बिरसा चौक, कडरू, हरमू चौक एवं कटहल मोड़ की ओर जाने वाले ऑटो से पैसे वसूलते हैं. फरवरी 2021 में कांटाटोली में ऑटो ड्राइवर और एजेंट के बीच मारपीट हो गयी थी, जिसकी शिकायत लोअर बाजार थाना में की गयी थी.
इसे भी पढ़ें : रांची में रंगदारी : ठेला-खोमचा लगाने वालों से हर इलाके में अलग-अलग गिरोह करते हैं वसूली




