Uncategorized

‘हर हर मोदी’ के जयकारे पर घिरी भाजपा

इटावा (उप्र): महादेव की नगरी में रैली के दौरान ‘हर हर मोदी’ के जयकार पर भारतीय जनता पार्टी घिर गई है। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी में नरेंद्र मोदी की रैली में मंच से ‘हर हर मोदी’ के नारे लगाए जाने को भगवान शंकर का अपमान करार देते हुए बीजेपी से बिना शर्त माफी मांगने को कहा है।

एसपी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता रामगोपाल यादव ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान एक सवाल पर कहा कि भगवान शंकर की हिन्दू धर्म में बहुत मान्यता है। लोगों की उनके प्रति अगाध श्रद्धा है। मोदी को उनके बराबर लाकर ‘हर हर मोदी’ का नारा लगाना ना केवल महादेव का अपमान है, बल्कि पूरे हिन्दू धर्म के अनुयायियों का अपमान है।

उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को इस मामले पर बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए ताकि लाखों लोगों की भावनाओं को जो कष्ट हुआ है, उससे उन्हें संतोष मिल सके।

गौरतलब है कि भगवान शंकर की नगरी कहे जाने वाले वाराणसी में शुक्रवार को बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी की विजय शंखनाद रैली में उनके भाषण से ठीक पहले पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने वहां मौजूद भीड़ से ‘हर हर नमो’ (नरेंद्र मोदी) के नारे लगवाए थे। मोदी के भाषण के बाद भी ये नारे सुनाई दिए थे।

‘हर हर मोदी, घर घर मोदी’ पर कांग्रेस भी बिफरी कांग्रेस के नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने वाराणसी में बीजेपी के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की रैली में ‘हर-हर मोदी, घर-घर मोदी’ पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी बीजेपी के लिए ऑक्सिजन हो सकते हैं, लेकिन भगवान नहीं हैं। इस नारे को उन्होंने हिंदू धर्म के आराध्य भगवान शंकर के सम्मान को ठेस लगाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी बीजेपी के नेता हो सकते हैं, लेकिन हिंदुओं के भगवान शिव नहीं। बीजेपी ने काशी में भगवान शिव का अपमान किया है, इसके लिए उसे सम्पूर्ण राष्ट्र से क्षमा मांगनी चाहिए।

‘गोडसे की विचारधारा के मोदी’ तिवारी ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 का चुनाव गांधी बनाम गोडसे की विचारधारा के बीच हो रहा है। गांधी का प्रतिनिधित्व कांग्रेस और उनके सहयोगी दल करेंगे और गोडसे की विचारधारा का प्रतिनिधित्व बीजेपी और उसके सहयोगी दल करेंगे। यदि गोडसे की विचारधारा वाली बीजेपी जीतती है तो देश अराजकता के गर्त में चला जाएगा।

‘यूपी में कानून व्यवस्था चौपट’ कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एसपी के राज में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। गुंडे-बदमाशों पर कोई लगाम नहीं है। जनता के मन में डर बैठा हुआ है। कानून-व्यवस्था इससे पहले इतनी विकलांग कभी नहीं थी, जितनी आज है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल की नौटंकी ज्यादा देर नहीं चलने वाली है, नौटंकी का परदा उठने का समय नजदीक आ गया है।

‘लोकपाल बिल का क्रेडिट राहुल को’ राज्यसभा में चुने जाने के बाद पहली बार लोकपाल बिल के समर्थन में वोट डालने के मौके को अपना सौभाग्य बताते हुए उन्होंने कहा कि 46 सालों से लंबित इस बिल को पास कराने का क्रेडिट यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ही जाता है। इलाहाबाद में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद पहली बार आगमन पर कांग्रेसियों ने प्रमोद तिवारी का जोरदार स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button