
Latehar: पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस और उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के बीच मंगलवार की शाम भीषण मुठभेड़ हो गयी. लातेहार और लोहरदगा के सीमावर्ती चंदवा थाना क्षेत्र के जरमा जंगल में पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों ओर से रूक-रूक कर कई काफी देर तक फायरिंग होती रही. बाद में पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले. सूत्रों का कहना है कि कई उग्रवादियों को गोली लगी है. हालांकि किसी उग्रवादी को जख्मी हालत में बरामद नहीं किया गया है.
लातेहार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहरदगा सीमा से सटे चंदवा के जरमा जंगल में उग्रवादी संगठन टीएसपीसी की मौजूदगी है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना के बाद सीआरपीएफ 133बीएन बटालियन के जवान और चंदवा पुलिस जरमा जंगल में पहुंची. पुलिस की मौजूदगी की आहट पाते ही उग्रवादी सक्रिय हो गए और फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की.
इसे भी पढ़ें – बैंक से कृषि ऋण लेने वाले किसानों को राहत देने की तैयारी में सरकार
लातेहार के एसपी प्रशांत आनंद ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि उग्रवादियों के जमावड़ा की सूचना पर लातेहार और चंदवा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम को अलौदिया जंगल में भेजा गया था. सर्च अभियान अभी भी जारी है. मुठभेड़ शाम 4 बजे के लगभग हुई जिसमें उग्रवादियों को पुलिस के आने की भनक लग गई और पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने उन पर गोली चलाना प्रारंभ कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसके बाद पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल में छिप गए. कुछ देर बाद लगभग पांच बजे पुनः उग्रवादियों ने पुलिस पर गोली चलाई जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. इसी बीच उग्रवादी अंधेरे का फायदा उठा भागने में सफल रहे.
सर्च करने पर कई राउंड गोलियां और हथियार बरामद
उग्रवादियों की ओर से फायरिंग बंद होने पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने आस पास सर्च अभियान चलाया. इस दौरान एक रायफल, नक्सली पर्चा, कपड़े, कई राउंड गोलियां सहित उग्रवादियों के कई सामान जब्त किए गए.
इसे भी पढ़ें – भारतीय अर्थव्यवस्था 2020 में 10.3 प्रतिशत घटेगी, 2021 में आयेगा 8.8 प्रतिशत का उछाल: आईएमएफ




