
Godda : जिला के सदर अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने की वजह से एक नवजात की मौत हो गयी. परिजनों का कहना है कि उन्होंने रात में डॉक्टर अंकेश को फोन कर बच्चे की हालत खराब होने की जानकारी दी थी.
इस पर डॉक्टर ने कहा कि अभी बहुत ठंड है वे सुबह आयेंगे, लेकिन बच्चा सुबह तक इंतजार नहीं कर पाया रात 12 बजे ही उसने दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत के बाद गुस्साये परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया.
जानकारी के अनुसार एसएनसीयू में नवजात बच्चे का इलाज चल रहा था. परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही की वजह से नवजात बच्चे की मौत हुई है. नवजात बच्चे के परिजन कहते हैं देर रात मासूम बच्चे का एसएनसीयू में अचानक तबीयत बिगड़ गयी.
उस वक्त ड्यूटी पर एक भी डॉक्टर नहीं थे. परिजनों ने डॉक्टर अंकेश को फोन कर उनसे अस्पताल जल्द आने को कहा था. इस पर डॉक्टर ने कहा कि अभी बहुत ठंड है, सुबह आएंगे.
इधर बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है. आपको बता दें यह वही सदर अस्पताल है जो आईएएस अधिकारी किरण पासी के प्रसव के बाद सुर्खियों में रहा था.
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉक्टर शिव शंकर प्रसाद मिश्रा ने कहा है कहा इस घटना से मैं भी दुखी हूं. हमारे अस्पताल के सारे चिकित्सक दुखी हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले पर जिस डॉक्टर की लापरवाही या गलती होगी उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सिविल सर्जन ने कहा भविष्य में अस्पताल में इस तरह की गलतियां ना हो इसके लिए सारे प्रयास किए जाएंगे.




