रांचीः हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड एवं यूसीआईएल के बीच राखा माइंस के संबंध में खनन पट्टे के अधिव्याप्ति क्षेत्र को लेकर लंबे अरसे से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया है। शुक्रवार को मुख्य सचिव राजबाला वर्मा की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित मुख्य सचिव सभागार में उभय कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई जिसमें दोनों कंपनियों के बीच राखा माइंस के 67 हेक्टेयर अधिव्याप्ति के मामले में समझौता हो गया है।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि दोनों कंपनियों के बीच उत्पन्न विवाद की वजह से कॉपर खनन क्षेत्र के लीज का मामला प्रभावित हो रहा था। दोनों कंपनियों के बीच समझौता हो जाने से एक ओर जहां लीज स्वीकृति आसान होगी वहीं खनन कार्य में भी तेजी आयेगी। मुख्य सचिव ने कंपनियों के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा को लेकर किसी कंपनी को सरकार से सहयोग की अपेक्षा है तो वे एसआईएसएफ (स्टेट इंडस्ट्रीयल सिक्यूरिटी फोर्स), जिसका गठन सीआईएसएफ की तर्ज पर किया गया है, ले सकते हैं।
(आइपीआरडी)




