
Ranchi: संयुक्त बिहार के दौर में उपेक्षा का दंश झेल चुकी झारखंड की सिंचाई परियोजनाओं की अपनी सरकार होने के बाद भी किस्मत नहीं पलटी. राज्य गठन के 21 साल हो गए. कई अपनी सरकार आईं और गईं, मगर विडंबना है कि 30 से 40 साल पुरानी बड़ी सिंचाई परियोजनाओं का काम अब तक अधूरी पड़ी है. परियोजना की लगात राशि लगातार बढ़ रही है. स्वर्णरेखा बहुउद्देशीय योजना को देखें तो पायेंगे कि जब 37 साल पहले शुरू हुई थी तब इसकी लागत 128 करोड़ रुपये थी. पर आज इस परियोजना का लागत बढ़कर 6613.74 करोड़ रुपये हो गयी है. खास बात यह है कि इसके निर्माण कार्य में लगभग 4000 करोड़ रुपये खर्च भी हो चुके हैं. फिर भी काम पूरा नहीं हो पाया है. यही हाल, राज्य की अन्य सिंचाई परियोजनाओं का है.
इतनी है राज्य में कृषि योग्य भूमि
झारखंड में कुल 38 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि है, इसमें 24.25 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई की क्षमता है. अभी झारखंड के कुल कृषि योग्य भूमि का 23% भाग ही सिंचित है. कुल सिंचित भूमि का 58.30% सतही जल से और 41.7% भूमिगत जल द्वारा सिंचित है. योजनाओं अधूरा होने की वजह से ग्रामीणों को सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध सही तरीके से नहीं हो पा रहा है.
ये है बड़ी सिंचाई परियोजना का हाल
अजय बराज योजना: योजना की राशि 10 करोड़ से बढ़कर 331 करोड़ हो गयी. अभी भी 10 फीसदी से अधिक काम बाकी है. सिंचाई के लिए क्षेत्र में महत्वाकांक्षी योजना अजय नहर बराज परियोजना आज भी निर्माणाधीन ही है. यह योजना चार दशक पहले शुरू हुई थी. वर्तमान में नहर की मुख्य शाखा में पानी तो आया है लेकिन नहर में नियमित और सुचारू रूप से पानी मिलने और उपशाखाओं तक पानी पहुंचने में अभी भी चार पांच साल का वक्त लग सकता है.
गुमानी बराज परियोजना : 39 साल पहले इस परियोजना की लागत राशि चार करोड़ रुपये थी. अब बढ़कर 162 करोड़ हो गयी है. विभाग के अनुसार कार्यप्रगति पर है. साहिबगंज व पाकुड़ जिले के 34 हजार हेक्टेयर जमीन को सिंचित करने के लिए 40 साल पहले शुरू हुई गुमानी बराज परियोजना बूढ़ी हो चुकी है, पर 176 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी इसे चालू नहीं किया जा सका है. अविभाजित बिहार में वर्ष 1977 में गुमानी बराज के निर्माण कार्य की शुरुआत 65 करोड़ की लागत से शुरू की गई थी. परियोजना का कार्य कई सालों तक चलने के बाद बिहार सरकार ने इस परियोजना को आवंटन के अभाव में बंद कर दिया. जब झारखंड राज्य अलग हुआ तो फिर से इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की गई. परंतु कभी राशि नहीं मिलने तो कभी प्राक्कलन में संशोधन के नाम पर इस कार्य में बाधा आती रही. बराज के सिविल पार्ट का काम 90 फीसद पूरा हो गया है. मात्र 10 फीसदी काम शेष बचा है. कैचमेंट एरिया में रोड निर्माण सहित अन्य काम चल रहा है.
पुनासी जलाशय योजना : 33 साल पहले इसकी लागत राशि 27 करोड़ रुपये थी. अब बढ़कर 185 करोड़ रुपये हो गयी है. इसके मुख्य और शाखा नहरों में सिर्फ 30 फीसदी काम हुआ है. पुनासी जलाशय योजना में स्पील-वे का काम फोरेस्ट क्लीयरेंस की वजह से 35 वर्षों तक अटका था. स्पील-वे का हिस्सा वन भूमि पर पड़ने की वजह केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने काम स्पील-वे के काम पर रोक लगा दिया. साथ ही वन भूमि पर पड़ने वाले नहर का भी काम रुक गया.
कोनार सिंचाई योजना :40 साल पहले इसक प्रोजेक्ट कॉस्ट 11.43 करोड़ रुपये था. अब बढ़कर 348.38 करोड़ रुपये हो गया है. सिर्फ 50 फीसदी काम पूरा हुआ है. इस परियोजना की आधारशिला 1978 में रखी गई थी. बिहार के तत्कालीन राज्यपाल जगन्नाथ कौशल ने शिलान्यास किया था. तब इसकी अनुमानित लागत 12 करोड़ बताई गई थी. 41 सालों में यह बढ़कर 2176. 25 सौ करोड़ पहुंच गई. 1978 में प्रोजेक्ट की आधारशिला बिहार के तत्कालीन राज्यपाल जगन्नाथ कौशल ने प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी. पांच साल में परियोजना को पूरी करनी थी, लेकिन विभागीय उदासीनता और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण लंबा इंतजार करना पड़ा. उस वक्त प्रोजेक्ट की राशि 12 करोड़ रुपए थी. 41 सालों में लागत 208 गुना बढ़कर 2500 करोड़ हो गई.
अमानत बराज योजना :32 साल पहले शुरू हुई इस योजना का प्रोजेक्ट कॉस्ट 125 करोड़ रुपये था. अब बढ़कर यह 341 करोड़ का हो गया है. काम चल रहा है. पलामू जिले के करीब 58 हजार एकड़ जमीन में सिंचाई की सुविधा सुलभ कराने के लिए पांकी प्रखंड में अमानत नदी पर बनाया गया बराज 2012 में ही बनकर तैयार है. परंतु वनभूमि का हस्तानांतरण कार्य लंबित होने के कारण मुख्य नहर का 60 फीसदी व वितरण का करीब 80 फीसदी काम शेष है. मार्च 2018 तक इस योजना पर 279.15 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे. 2018-19 में इस योजना के लिए 37.62 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था जिसमें से 37.23 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं.




