
Dhanbad : पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल होली को लेकर तैयारी शुरु कर दी है. धनबाद मंडल वरीय वाणिज्य अधीक्षक अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि होली पर्व के आगमन को लेकर यात्रियों के लिए धनबाद रेल मंडल पूरी तरह सचेत और सतर्क है. होली के बाबत ट्रेनों में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई तरह की तैयारियां की है. टिकटों के रिजर्वेशन में वेटिंग लिस्ट को रेलवे गहनता से निगरानी में रख रही है. अगर वेटिंग लिस्ट बढ़ता है तो पूर्व मध्य रेलवे अतिरिक्त बोगियों को जोड़ेगी. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेन भी चलाई जा सकती है.
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इन दिनों ट्रेनों में काफी नियम का पालन किया जा रहा है. जिससे कि ट्रेन में क्षमता से कम सवारी सफर कर रहे हैं. ऐसे में रेलवे के समक्ष एक चुनौती है कि वह इस वैश्विक महामारी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को रेल प्लेटफार्म पर तथा बोगियों से सुरक्षित रख सके.
हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना काल के संक्रमण को देखते हुए पहले की भांति भीड़ कम होने की संभावना है. क्योंकि कई लोग कोरोना काल में संक्रमण से बचाव के लिए यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि उत्तर बिहार जैसे इलाके को रेलवे ने चिन्हित कर रखा है. जहां होली त्यौहार के अवसर पर यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है. ऐसे में अगर रेलवे के समक्ष चुनौती आती है, तो रेलवे इसके लिए तैयार है.




