
Dhanbad: धनबाद के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलारीटांड़ खटाल में मंगलवार देर शाम दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर पहले जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद देखते ही देखते दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गयी.
घटना की जानकारी पाकर बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू, मधुबन, बरोरा, बाघमारा, सोनारडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किया. घटना में 25 राउंड से अधिक फायरिंग होने की सूचना है. पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी भाग निकला.
ग्रामीणों ने बताया कि एक पक्ष के झामुमो तथा दूसरे गुट के भाजपा समर्थकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मंगरा हटिया के पास मारपीट होने लगी. थोड़ी देर बाद ही फुलारीटांड़ खटाल के पास देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थकों का जुटान होने लगा. इसी बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से खटाल गूंज उठा, जिस कारण वहां भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
गोलियों की आवाज सुन जहां दोनों गुटों के समर्थक इधर-उधर भागने लगे, वहीं ग्रामीण जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों में दुबक गये. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को पकड़ने के लिए खटाल के एक-एक घरों में सर्च अभियान चलाया. घटना के बाद खटाल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.
मामले में किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस से लिखित शिकायत नहीं की गयी है. वारदात में दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है. वहीं पहले पक्ष के फुलारीटाड़ की सुनीता देवी ने बताया कि जेएमएम के कारू यादव तथा उसके समर्थकों ने फायरिंग की तथा मारपीट की. वे लोग रंगदारी मागंते हैं. पुलिस उनलोगों का साथ देती है.
डीएसपी निशा मुंर्मु ने कहा कि दो गुटों में मारपीट फायरिंग की सूचना आयी है. जांच की जा रही है.




