News Wing
New york, 11September: दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-4 से आसानी से पस्त करते हुए तीसरा अमेरिकी ओपन और 16वां ग्रैंडस्लैम खिताब अपनी झोली में डाला.
नडाल यहां 2010 और 2013 में भी ट्राफी जीत चुके हैं, उन्होंने जून में रिकार्ड 10वां फ्रेंच ओपन खिताब हासिल किया था.
आस्ट्रेलियन ओपन और विम्बलडन में खिताबी जीत दर्ज की थी
वह अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर से ग्रैंडस्लैम के मामले में सिर्फ तीन खिताब पीछे हैं. स्विट्जरलैंड का धुरंधर रिकार्ड 19 ग्रैंडस्लैम अपने नाम कर चुका है, फेडरर ने सत्र के दो अन्य ग्रैंडस्लैम आस्ट्रेलियन ओपन और विम्बलडन में खिताबी जीत दर्ज की थी. नडाल को आस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में फेडरर से हार का मुंह देखना पड़ा था.
नडाल के लिये यह साल का पांचवां और करियर का 74वां खिताब
नडाल के लिये यह साल का पांचवां और करियर का 74वां खिताब था. एंडरसन के लिये यह निराशाजनक दोपहर रही क्योंकि दुनिया का 32वें नंबर का खिलाड़ी 34वें प्रयास में अपना पहला ग्रैंडस्लैम फाइनल खेल रहा था.
वह 1965 में क्लिफ ड्रिसडेल के बाद अमेरिकी चैम्पियनिशप के फाइनल में पहुंचने वाला पहला दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी बना और 1981 आस्ट्रेलियाई ओपन में जोहान क्रिक के बाद देश का पहला ग्रैंडस्लैम चैम्पियन बनने की कोशिश में जुटा था.
यह मैच मेरे लिए इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ मैच: नडाल
नडाल ने मैच के बाद इस वर्ष को अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ वर्ष में से एक करार दिया. उन्होंने कहा, ‘‘नतीजों के लिहाज से यह निश्चित रूप से मेरे करियर के सर्वश्रेष्ठ सत्र में से एक रहा. ’’ उन्होंने अपने करियर में चौथी बार वर्ष के दो ग्रैंडस्लैम जीते हैं.




