
Kosgi, Khammam (Telangana) : तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति पर हमले तेज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को यहां कहा कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की ‘बी टीम’ है. उन्होंने दावा किया कि के. चंद्रशेखर राव की पार्टी और एआईएमआईएम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनकी पार्टी भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर नहीं हरा सके. तेदेपा प्रमुख और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ मंच साझा करते हुए गांधी ने तेलंगाना के खम्मम में एक चुनावी रैली में कहा कि आंध्रप्रदेश के बंटवारे के समय किए गए सभी वादे तभी पूरे होंगे जब केंद्र में भाजपा विरोधी दलों के गठबंधन की सरकार बनेगी.
टीआरएस, तेलंगाना राष्ट्र समिति नहीं है, तेलंगाना राष्ट्रीय संघ परिवार
कांग्रेस अध्यक्ष ने खम्मम रैली को राज्य और राष्ट्रीय राजनीति के लिए ‘ऐतिहासिक’’ बताया. उन्होंने कहा, ‘‘पहले हम नरेन्द्र मोदी की बी टीम (टीआरएस) के खिलाफ लड़ेंगे और उसके बाद हम ए टीम (भाजपा नीत राजग) को परास्त करेंगे. महबूबनगर जिले के कोसगी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘टीआरएस, तेलंगाना राष्ट्र समिति नहीं है बल्कि यह तेलंगाना राष्ट्रीय संघ परिवार है . यह संघ और भाजपा की बी टीम है.’’ तेलंगाना में भाजपा और टीआरएस को पछाड़ने के लिए कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ गठबंधन किया है. इसमें एन चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भाकपा तथा नवगठित तेलंगाना जन समिति (तेजस) शामिल है. राज्य में भाजपा और टीआरएस अलग अलग चुनाव मैदान में हैं.
चंद्रशेखर राव असदुद्दीन ओवैसी से मिले हुए हैं
उन्होंने टीआरएस प्रमुख और कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर हमला बोलते हुए कहा कि हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ वह मिले हुए हैं. उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दल यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अगले साल होने वाले आम चुनाव में भाजपा की हार न हो. राहुल ने कहा, ‘‘टीआरएस और एआईएमआईएम का लक्ष्य है कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस भाजपा को हराने में सक्षम नहीं हो सके.’’




