Dhanbad. बरमसिया स्थित जलसा मैरेज हॉल में मंगलवार को डेकोरेटर्स एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक हुई. इस दौरान निर्णय लिया गया कि 23 सितम्बर को धनबाद डेकोरेटर्स एसोसिएशन के कुल 1500 सदस्य रणधीर वर्मा चौक से मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन करेंगे. हालांकि इस दौरान सोशल डिस्टेंस और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दिये गए दिशा-निर्देशों का ख्याल रखने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें- जामताड़ा और सारठ विधायक ने की डीसी से वार्ता, कोयला ढुलाई बंद होने का उठाया मुद्दा
इस बैठक में शामिल डेकोरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार हम डेकोरेटर्स वालों की भी सुने, क्योंकि हमारे भी परिवार और बच्चे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने फिलहाल 50 व्यक्तियों का कार्यक्रम करने की छूट दी है, जिससे डेकोरेटर के लोगों का रोजगार नहीं चल रहा है. सरकार कम से कम 200 से 250 लोगों का कार्यक्रम करने की अनुमति दे, ताकि डेकोरेटर वालों का भी परिवार का भरण पोषण हो सके.
6 महीने से बंद है काम
उन्होंने कहा कि आज पूरे भारत वर्ष में लगभग सभी व्यवसाय शुरू हो चुके हैं. लेकिन पिछले 6 महीने से डेकोरेटर का व्यवसाय पूरी तरह बंद है, जिससे परिवार भूखमरी के कगार पर आ गया है. उन्होंने कहा कि धनबाद जिला डेकोरेटर्स एसोसिएशन में लगभग 1500 सदस्य और पूरे झारखंड में करीब 20 हजार टेंट व्यवसाय कैटरर्स, लाइट फ्लावर और शादी विवाह से जुड़े अन्य व्यवसाय के लोग अपने और अपने पारिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस व्यवसाय से लगभग 20 लाख लोगों की जीविका का साधन जुड़ा हुआ है. इसलिए सरकार इस व्यवसाय पर भी ध्यान दे.




