
सदर में नर्सेज को 6 महीने से नहीं मिला है इंसेंटिव
एडमिट मरीजों को हो रही है परेशानी
Ranchi: राजधानी के दूसरे सबसे बड़े कोविड सेंटर सदर हॉस्पिटल में व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है. पहले से ही मरीज बेड के लिए गुहार लगा रहे हैं. ऑक्सीजन की समस्या से सभी जूझ रहे हैं. वहीं, वार्ड में उन्हें प्रॉपर ट्रीटमेंट नहीं मिल पा रहा है. अब हॉस्पिटल की तीन दर्जन सीनियर नर्स स्ट्राइक पर चली गई है. जिससे कि मरीजों के लिए परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है. उनके स्ट्राइक पर चले जाने के बाद अब मरीज आउट सोर्स नर्स और स्टाफ के भरोसे हैं.
300 मरीज है ऑक्सीजन सपोर्ट परः
हॉस्पिटल में फिलहाल कोरोना के 400 मरीज एडमिट हैं. जिनमें 300 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ इलाज करा रहे हैं. जिन्हें सबसे ज्यादा केयर की जरूरत है और उन्हें दवाएं भी टाइम से देनी है. लेकिन नसों की कमी की वजह से उन्हें प्रॉपर ट्रीटमेंट नहीं मिल पा रहा है. परिजन डॉक्टर से लेकर स्टाफ तक दौड़ लगा रहे हैं कि उनके मरीज को देख लें. लेकिन मैन पावर की कमी मरीजों की देखभाल में बड़ी बाधा बन रही है. बताते चलें कि आउटसोर्स के 100 से ज्यादा स्टाफ हैं. जिसमें वार्ड बॉय भी शामिल हैं. वहीं उनका एक्सपीरियंस भी कम है.
6 महीने से नहीं मिला है इंसेंटिवः
हॉस्पिटल में नॉर्मल दिनों में मैटरनिटी और चाइल्ड वार्ड में मरीज एडमिट रहते थे. इसके अलावा जनरल वार्ड के भी मरीज का इलाज किया जा रहा था. ड्यूटी में तैनात सीनियर नर्सों ने पहले भी बकाया इंसेंटिव देने की मांग की थी, लेकिन हेल्थ डिपार्टमेंट ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. अब कोरोना महामारी में वह अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने में जुटी हैं. उसके बाद भी उन्हें 6 महीने से इंसेंटिव नहीं मिला. हार कर यह सीनियर नर्स स्ट्राइक पर चली गई है.
सदर हॉस्पिटल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ एस मंडल का कहना है कि नर्सों को इंसेंटिव नहीं मिला है और वह भुगतान करने की मांग कर रहे हैं. हमलोगों ने भी उन से काम पर लौटने को कहा. उनका कहना है कि इस महामारी में भी यह बिना किसी परवाह के काम कर रही हो तो हेल्थ विभाग को भी सोचने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand News: अब 57 लाख राशन कार्डधारी बगैर बायोमेट्रिक के उठा सकेंगे राशन




