
Sitamarhi: सीतामढ़ी में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक बेटे ने अपने पिता, सौतेली मां और दो सौतेले भाईयों की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना रविवार देर रात की है. बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर युवकों ने अपने पिता एवं सौतेली मां सहित दो सौतेले भाइयों की गोली मारकर कथित रूप से हत्या कर दी. खबर है कि पिता और एक भाई का शव सड़क से मिला, जबकि मां और दूसरे भाई की लाश घर पर पड़ी थी.
इसे भी पढ़ेंःरांचीः कांटाटोली फ्लाईओवर के लिए भूमि अधिग्रहण शुरु, रैयतों का भारी विरोध-कांटाटोली चौक जाम
घटना की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी ने कुमार वीर विरेंद्र ने बताया कि घटना जिले के डुमरा थानाक्षेत्र के बंचौरी गांव की है. मृतकों की पहचान रामविलास साव, उनकी दूसरी पत्नी सुनिता देवी, दो पुत्रों भोला साव और राहुल साव के रूप में हुई हैं . उन्होंने बताया कि घटना बीती देर रात करीब 12 बजे हुई. रामविलास और भोला के शव सड़क पर से जबकि सुनिता और राहुल का शव घर के भीतर से बरामद किया गया है.
अधिकारी ने बताया कि रामविलास की पहली पत्नी मनटुटिया देवी और उनके तीनों आरोपी पुत्र बिट्टू कुमार, पप्पू कुमार और रोहित कुमार बंचौरी गांव में ही दूसरे मकान में रह रहे थे. जबकि रामविलास अपनी दूसरी पत्नी तथा उसके बच्चों के साथ अलग मकान में रहता था. उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, मनटुटिया देवी अभी भी फरार है.
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. हत्या की इस वारदात में उनका सहयोग करने वाले अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है. इधर पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला सदर अस्पताल भेज दिया है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




