
Shrinagar: कठुआ गैंगरेप और मर्डर केस में आरोपियों की कथित तौर पर हिमायत करने वाले जम्मू-कश्मीर सरकार के दो मंत्रियों वन मंत्री लाल सिंह और उद्योग मंत्री चंदर प्रकाश गंगा ने शुक्रवार को अपना इस्तीफा दे दिया है. लेकिन दिलचस्प बात ये है कि मंत्रियों का इस्तीफा अभी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पास है. इसे आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं इसका फैसला श्रीनगर में बीजेपी नेताओं की बैठक कर राम माघव लेंगे. बता दें कि दोनों मंत्रियों ने कठुआ बलात्कार एवं हत्या मामले के आरोपियों के समर्थन में आयोजित एक रैली में हिस्सा लेने का आरोप है, जिसके बाद से लगातार सीएम महबूबा और कांग्रेस दोनों मंत्रियों को हटाने की लगातार मांग कर रही थीं.
पीएम ने तोड़ी चुप्पी
इधर दिल्ली में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कठुआ और उन्नाव गैंगरेप केस पर अपनी चुप्पी आखिरकार तोड़ी. उन्होंने कहा, ‘बीते दो दिनों से जिन घटनाओं की चर्चा चल रही है, वह सभ्य समाज का हिस्सा नहीं हो सकती हैं. एक देश और समाज के तौर पर हम शर्मिंदा हैं. मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, पूरा न्याय होगा.‘
इसे भी पढ़ें:रेल हादसा: लखीसराय में मौर्य एक्सप्रेस की बोगी में घुसी रेल पटरी, एक की मौत, दो घायल
मंत्री ने दी सफाई
लाल सिंह और चंदर प्रकाश गंगा पर कठुआ गैंग रेप केस के आरोपियों के पक्ष में हिंदू एकता मंच के द्वारा आयोजित रैली में शिरकत करने का आरोप है. हालांकि इस्तीफा देने वाले मंत्री लाल सिंह ने आजतक पर ये सफाई दी कि निष्पक्ष जांच ना होने और निर्दोषों के उत्पीड़न से गुस्साए लोगों को समझाने के लिए पार्टी के निर्देश पर मंत्रियों की टीम हीरानगर और नौशेरा गई थी. दोनों जगहों पर गुस्सा उबल रहा था. खौफ में हीरानगर के कूटा गांव से लोग पलायन कर रहे थे, जिसकी वजह से हिन्दू एकता मंच सीबीआई जांच की मांग के लिए प्रदर्शन कर रहा था. उन्होंने सीएम महबूबा मुफ्ती पर सीबीआई जांच की मांग ठुकराने का आरोप लगाया. फिलहाल दोनों मंत्रियों ने इस्तीफा पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा सौंपा है. आज बीजेपी के महासचिव पार्टी के जम्मू कश्मीर प्रभारी राममाधव यहां पहुंचकर ये फैसला लेंगे कि इस्तीफा सीएम तक भेजा जाएगा या नहीं.
पीडीपी-बीजेपी में बढ़ती तल्खी
वहीं कठुआ गैंग रेप और मर्डर केस पर जम्मू कश्मीर में बीजेपी और पीडीपी के बीच रिश्ते तल्ख हो गए हैं. पीडीपी ने दोनों मंत्रियों को हटाने की मांग की है. इस मुद्दे पर सीएम महबूबा मुफ्ती ने शनिवार दोपहर दो बजे पीडीपी की बैठक भी बुलाई है. उधर, मामले की नजाकत को देखते हुए बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राम माधव श्रीनगर पहुंच रहे हैं. बीजेपी नेताओं संग बैठक कर राम माधव ये तय करेंगे कि लालसिंह और चंदर प्रकाश गंगा का इस्तीफा आगे बढ़ाया जाए या नहीं.
इसे भी पढ़ें:अमेरीका ने फ्रांस, ब्रिटेन के साथ मिलकर किया सीरिया पर हमला, रुस ने परिणाम भुगतने की दी चेतावनी
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में आठ साल की बच्ची को अगवा कर 6 दिनों तक गैंगरेप किया गया. जिसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. इस मामले के उजागार होते ही देश गुस्से में है. हर तरफ से इंसाफ की मांग हो रही है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




