Uncategorized

छग : मालगाड़ी के 2 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनें प्रभावित

रायपुर: छत्तीसगढ़ में रायपुर रेलवे स्टेशन के पहले उरकुरा में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे से मुंबई-हावड़ा लाइन तीन घंटे तक बंद रही।

यह हादसा मंगलवार रात करीब पौने आठ बजे हुई। मालगाड़ी के डिब्बे रायपुर-बिलासपुर के तीनों लाइन के बीच आ गए, जिससे दोनों ओर आवाजाही बंद रही।

घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम राहुल गौतम अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और देर रात करीब दस बजे रिलीफ ऑपरेशन शुरू हुआ। इस दौरान बिल्हा से लेकर मांढर और तिल्दा के बीच सारी ट्रेनें खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। पटरी से रेल के डिब्बों को हटाने के लिए भिलाई से एक रिलीफ ट्रेन तत्काल रवाना हुई। देर रात करीब एक बजे एक लाइन चालू हुई, जिसके बाद खड़ी ट्रेनों को बारी-बारी से रवाना किया गया।

गाड़ियों में देरी कारण पता नहीं होने की वजह से रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन के कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा भी किया और ट्रेनों की सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया।

तीनों रेल लाइन के बाधित होने से मुंबई और हावड़ा, दोनों ओर से आने-जाने वाली करीब आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें जहां की तहां खड़ी रहीं। इनमें दुर्ग से अंबिकापुर जाने वाली एक्सप्रेस, दुर्ग से छपरा जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस, रायगढ़ से दुर्ग जाने वाली समर स्पेशल, बिलासपुर से नागपुर जाने वाली शिवनाथ एक्सप्रेस और जयपुर से दुर्ग जा रही ट्रेन के अलावा दो लोकल ट्रेनें भी जाम में फंस गई।

मंगलवार को हुए इस हादसे की वजह से रायपुर से बिलासपुर की ओर जाने वाली कई लोकल, पैंसेंजर और मेमू ट्रेनों के साथ-साथ स्पेशल ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है, जिसके चलते बुधवार सुबह से ही बिलासपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को असुविधाओं की मार झेलनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button