
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अल्पवृष्टि की वजह से सुखाड़ की स्थिति बनी हुई है. सोमवार को झींकपानी प्रखंड प्रमुख के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों ने चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा से मिलकर क्षेत्र को सूखा घोषित कराने की मांग की. साथ ही विधानसभा में भी किसानों की यह मांग उठाने का आग्रह किया. विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि अल्पवृष्टि के कारण कढ़ान व रोपाई समय नहीं हो रही है. सरकार से क्षेत्र को सूखा घोषित करते हुए किसानों को राहत योजना का लाभ देने की मांग की जायेगी. झींकपानी में जनप्रतिनिधियों की इस बैठक में प्रखंड प्रमुख प्रदीप तामसोय, कुदाहातु मुखिया मंजूलता पूर्ति, जोड़ापोखर पंचायत मुखिया गुरुचरण मुंडा, नवागांव मुखिया अंजना तामसोय, कुदाहातु पंचायत समिति सदस्य सुनिता खंडाइत, चोया पंसस अखिलेश कुमार, नवागांव पंसस कृष्ण हांसदा के अलावा झींकपानी प्रखंड के बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष सोंगा बुड़ीउली, संजीव गोप, हरिलाल करजी आदि उपस्थित थे. इस बैठक में मुख्य रूप से चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा को आमंत्रित किया गया था.
झींकपानी की समस्याओं से कराया अवगत
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जोड़ापोखर में हाईमास्ट लाइट बहुत जरूरी है. अंधेरा होने से लोगों को दिक्कत होती ही है, वहीं चोर भी सक्रिय रहते हैं. चौक से एसीसी गेट जानेवाली सड़क किनारे की लाइट भी खराब पड़ी है. एसीसी प्रबंधन द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है. इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने कहा कि साप्ताहिक बाजार के दिन भीड़ ज्यादा होती है. इस दिन नो एंट्री लागू किया जाए ताकि बड़ी दुर्घटना न हो. विधायक दीपक बिरुवा ने जल्द ही संबंधित पदाधिकारी से बात कर समस्याओं को दूर कराने की बात कही.




