Uncategorized

मंत्री पद को लेकर ‘आप’ में भी बगावत के सुर!

नई ‌‌‌दिल्‍ली: आम आदमी पार्टी (आप) में भी बगावत की शुरूआत हो गई है। शपथ ग्रहण से पहले मंत्री पद को लेकर लक्ष्मीनगर से आप के विधायक विनोद कुमार ‘बिन्नी’ नाराज होकर अरविंद के घर में चल रही बैठक से निकल पड़े। उनसे जब नाराजगी का कारण पूछा गया तो उन्होंने बुधवार को प्रेस वार्ता कर कारण बताने की बात कही। बैठक के बाद मनीष सिसौदिया ने किसी तरह के विवाद का खंडन करते हुए कैबिनेट के छह मंत्रियों के नामों की घोषणा कर दी।

अरविंद केजरीवाल के घर मंगलवार शाम को जारी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक से शाम सात बजे अचानक विनोद कुमार ‘बिन्नी’ और योगेंद्र यादव बैठक छोड़ बाहर निकल पड़े। बिन्नी की नाराजगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब मीडिया ने उनसे बात करनी चाही तो उन्होंने बात करने से साफ इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि वे बुधवार को प्रेस वार्ता कर इसका कारण बताएंगे।

इस दौरान योगेंद्र यादव बिन्नी को मीडिया से बात करने से रोकते दिखाई दिए। करीब साढ़े आठ बजे मनीष सिसौदिया बाहर निकले और उन्होंने कैबिनेट के छह नामों की घोषणा की। बिन्नी के नाराज होने के सवाल पर मनीष ने साफ किया कि कैबिनेट मंत्रियों के छह नामों की चिट्ठी सभी विधायकों को भेजी गई है। इस पर किसी ने आपत्ति नहीं जताई है।

उन्होंने बिन्नी और योगेंद्र यादव के नाराज होने की जानकारी से इंकार किया। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर उनके अलावा गिरीश सोनी, राखी बिड़ला, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, सतेंद्र जैन के नामों पर मुहर लग गई है। हालांकि सूत्रों की मानें तो बिन्नी को उम्मीद थी कि कैबिनेट में उन्हें भी जगह दी जाएगी। मगर कैबिनेट मंत्रियों में शामिल नहीं किए जाने के चलते वह नाराज होकर बैठक छोड़कर चल दिए।दिल्‍ली में ‘आप’ की सरकार बनने से पहले ही पार्टी में बगावत के सुर उभर आए हैं। पार्टी के एक विधायक मंत्री पद ना मिलने से नाराज हो गए हैं।

लक्ष्मीनगर से विधायक विनोद कुमार बिन्‍नी अपना नाम मंत्रियों की सूची में न होने से नाराज हो गए हैं। टीवी न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक विनोद कुमार बिन्‍नी अपना नाम मंत्रियों की सूची में न होने से भड़क गए हैं।

विनोद कुमार बिन्‍नी ने विधानसभा के चुनावों में पूर्व स्वास्‍थ्य मंत्री डॉ. एके वालिया को हराया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को बिन्‍नी एक प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की तरफ से जारी सूची में छह लोगों के नाम मंत्री पद के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

वहीं, मीडिया से बात करते हुए आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि इस बारें में उन्‍हें कुछ पता नहीं है।

सिसोदिया ने कहा कि मंत्रियों के नाम अरविंद केजरीवाल ने तय किए हैं और इस बारें में केजरीवाल ही ज्यादा बता पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button