– पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान रविवार को –
– मतदाता निर्भिक होकर करें मतदाता : उपायुक्त
गिरिडीह : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान की जिला प्रशासन के द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गयी है। 6200 मतदान कर्मियों को वाहनों से पोलिंग सेंटर में भेज दिया गया है। प्रथम चरण में गिरिडीह, गांडेय व जमुआ प्रखंड में चुनाव संपन्न होना है। गिरिडीह, गांडेय व जमुआ में 1414 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वहीं चुनाव कार्य में काफी संख्या में कमिर्यों व पुलिस पदाधिकारी व जवानों को लगाया गया है।
रविवार को 1414 मतदान केंद्रों में 4104 उम्मीदवारों के लिए इन तीनों प्रखंडों के मतदाता वोट डालेंगें। जिला के उपायुक्त उमाशंकर सिंह ने बताया कि चुनाव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि 1414 मतदान केंद्रों के लिए 5600 वाहनों से कर्मियों को भेजा गया है। शाम पाचं छह बजे तक सभी कर्मी अपने कलस्टर तक पहुंच जायेगें और रविवार की सुबह पांच बजे तक अपने मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगे।
चुनाव कार्य में 100 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाये गयें हैं। पेट्रोलिंग पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी भी चुनाव संपन्न कराने के लिए अपने-अपने पोलिंग सेंटर के लिए रवाना हो गये हैं। उन्होंने लोगों से निर्भिक होकर मत देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह की जिप सदस्य की पांच सीटों, पंचायत समिति की 52 सीटों, मुखिया के 40 सीटों व वार्ड सदस्य की 515 सीटों के लिए चुनाव होना है।
वहीं जमुआ की 6 जिप सदस्य की सीटों, पंचायत समिति की 54 सीटों, मुखिया की 42 व वार्ड सदस्य की 544 सीटों पर चुनाव होना है। जबकि गांडेय की 4 जिप सदस्य सीटों, पंचायत समिति की 35 सीटों, मुखिया की 26 सीट और वार्ड सदस्य की 352 सीटों पर चुनाव कराया जायेगा।
एसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि सभी संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे निष्पक्ष तरीके व बैखौफ हो कर मतदान करने के लिए निकलें। उन्होंने कहा कि कोई गड़बड़ी की जानकारी किसी को मिलती है तो वे तुरंत इसकी जानकारी पुलिस-प्रशसन को दें। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य में अर्द्धसैनिक बल, सीआरपीएफ, आईआरबी, रैफ आदि को लगाया गया है। वहीं संबंधित थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिया गया है कि अगर किसी प्रत्याशी या उनके समर्थक द्वारा उपद्रव फैलाया जाता है या विधि व्यवस्था उत्पन्न की जाती है तो उस पर त्वरित कार्रवाई करें।
(रिपोर्ट : कमल नयन)




