Uncategorized

सपा, बसपा और भाजपा ने उप्र को लूटा : सोनिया

सहारनपुर, 26 फरवरी | उत्तर प्रदेश की बदहाली के लिए समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को कहा कि इन तीनों दलों ने प्रदेश का विकास करने के बजाय इसे लूटा है। सहारनपुर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए सोनिया ने कहा, “पिछले 22 साल से उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और भाजपा ने यहां राज किया, लेकिन सूबे का विकास करना इनके एजेंडे में शामिल नहीं था। इन दलों ने यहां केवल लूट मचाई और 22 साल तक प्रदेश की जनता की आंखों में धूल झोंकी।”

सोनिया ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश में चारों तरफ भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है। युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। शिक्षा और स्वास्थ के क्षेत्रों में बदहाली है।”

बसपा सरकार पर केंद्र के पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए सोनिया ने कहा, “कांग्रेस-नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने युवाओं, गरीबोंे, मजदूरों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के विकास की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे भेजे, लेकिन वह पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।”

लोगों से बदलाव की अपील करते हुए सोनिया ने कहा, “उत्तर प्रदेश के इस चुनाव में प्रदेश की तस्वीर बदलने का वक्त आ गया है। आपने 22 साल से इन दलों की सरकार बनाई, लेकिन इन्होंने प्रदेश का विकास करने की जगह उसे बदहाली की तरफ ढकेल दिया। ऐसे में आप कांग्रेस को एक मौका दीजिए। कांग्रेस की सरकार के जरिए ही यहां विकास और प्रगति हो सकती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button