
NewDelhi : एनडीए को 264 सीटें, यूपीए को 141 सीटें मिलने और अन्य दलों को 138 सीटें मिल सकती हैं. यह आकलन सी-वोटर के ओपिनियन पोल का है. बता दें कि निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि 11 अप्रैल से चुनाव शुरू होगा. चुनाव सात चरणों में होगा. 19 मई को वोटिंग का आखिरी दिन होगा. 23 मई को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन चुनाव पिरणाम घोषित किया जायेगा. साथ ही 10 मार्च, रविवार से देश भर में आचार संहिता लागू हो गयी है. यह सर्वेक्षण मार्च में उस समय किया गया है, जब मोदी सरकार ने पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविर पर हवाई हमला किया, जिसके कारण पूरे देश में राष्ट्रवाद की लहर पैदा होने की बात कही जा रही है. हालांकि सर्वे के अनुसार एनडीए आम चुनाव में बहुमत से थोड़ा दूर रहेगा, लेकिन चुनाव बाद गठबंधन के जरिए आराम से सरकार बना सकता है. सर्वे की मानें तो यूपी में महागठबंधन न होने की स्थिति में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए को 300 से अधिक सीटें मिल सकती हैं. सी-वोटर के ताजा राष्ट्रीय सर्वे के अनुसार, यूपी की जंग अगले लोकसभा की तस्वीर तय करने का काम करेगी.
भाजपा को उम्मीद है कि मोदी लहर पर सवार होकर वह विपक्ष को मात दे देगी. सर्वे ने इस बात की पुष्टि भी कर दी है कि प्रधानमंत्री मोदी दौड़ में सबसे आगे हैं. सर्वेक्षण में एनडीए को 264 सीटें दी गयी हैं, जबकि यूपीए को 141 सीटें मिलने की संभावना जताई गयी है. इसके अलावा अन्य दलों को 138 सीटें मिल सकती हैं. यदि उत्तर प्रदेश में महागठबंधन नहीं होता है तो ऐसी स्थिति में एनडीए 307 सीटें हासिल कर लेगा और यूपीए 139 सीटें और अन्य दलों के खाते में 97 सीटें जा सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक दलों में ट्विटर वार, विपक्ष मोदी को मात देते को आतुर
भाजपा को अकेले 220 सीटें, कांग्रेस को 86
सर्वे के अनुसार भाजपा को अकेले 220 सीटें और उसके गठबंधन सहयोगियों को 44 सीटें मिल सकती हैं. यदि एनडीए वाईएसआर कांग्रेस, मीजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), बीजेडी और टीआरएस से चुनाव बाद गठबंधन करता है तो उसकी सीटों की संख्या 301 होगी. जहां तक यूपीए गठबंधन का सवाल है तो कांग्रेस को 86 सीटें मिलने की संभावना है और सहयोगी दलों को 55 सीटें मिलेंगी. यूपीए के चुनाव बाद के गठबंधन में एआईयूडीएफ, एलडीएफ, महागठबंधन, टीएमसी शामिल होती हैं तो सीटों की कुल संख़्या 226 होगी. यूपी मे महागठबंधन की स्थिति में भाजपा पिछले चुनाव में मिली 71 सीटों के मुकाबले 29 पर सिमट सकती है.
भाजपा यूपी में 2014 के परिणाम दोहरा सकती है. उसे 72 सीटें हासिल कर सकती हैं यदि महागठबंधन नहीं हुआ तो. सर्वे के अनुसार को भाजपा गठबंधन केो सबसे ज्यादा सीटें बिहार (36, 2014 में मिले 22 से ज्यादा), गुजरात (24, पिछली बार मिले 26 से 2 कम), कर्नाटक (16, 2014 के मुकाबले एक कम), मध्य प्रदेश (24, पिछली बार के 26 के मुकाबले 2 कम), महाराष्ट्र (36, 2014 में मिले 23 से 13 ज्यादा), ओडिशा (12, पिछली बार एक सीट मिली थी) और राजस्थान (20, 2014 के मुकाबले चार कम) में मिलने की संभावना है.




