Uncategorized

एयर इंडिया को मुनाफा नहीं, 321 करोड़ रुपये का संचालन घाटा : CAG

नई दिल्ली: वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान एयर इंडिया को अकेले संचालन से 321.4 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है, जबकि कंपनी ने 105 करोड़ रुपये के संचालन लाभ का दावा किया है। देश के सरकारी लेखा परीक्षक ने शुक्रवार को यह बात कही है। भारत के नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (कैग) ने राष्ट्रीय विमान कंपनी के वित्तीय विवरण में घाटा होने के कई महत्वपूर्ण आंकड़ों पर चुप्पी साधने की तरफ ध्यान दिलाया है।

कैग कार्यालय में महानिदेशक वी. कुरियन ने यहां संवाददाताओं से कहा, “एयर इंडिया वित्त वर्ष 2015-16 में 105 करोड़ रुपये के संचालन मुनाफे का दावा कर रही है। लेकिन वैधानिक लेखा परीक्षकों की रपट से भी यह पता चलता है कि विमानन कंपनी को पिछले साल 321.4 करोड़ रुपये का संचालन घाटा हुअा था, क्योंकि आवश्यक प्रावधान नहीं किए गए थे।”

कुरियन, शुक्रवार को संसद पटल पर रखी गई एयर इंडिया की वित्तीय पुर्नगठन योजना पर, कैग की ऑडिट रपट पेश कर रहे थे।

आधिकारिक लेखा परीक्षक ने कहा कि एयर इंडिया ने वित्त वर्ष 2012-13 के लिए 1,455.8 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2013-14 के लिए 2,966.66 करोड़ रुपये तथा वित्त वर्ष 2014-15 के लिए 1,922.77 करोड़ रुपये के घाटे को छुपाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button