देवघरः ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव एम.आर. मीणा ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीणों को इस बात के लिए प्रेरित करें कि योजना बनाओ अभियान के दौरान प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एनआरएम से संबंधित योजनाओं को चुना जाये। इसके लिए सभी गांव में कम-से-कम एक तालाब निर्माण या जीर्णोद्धार योजना का चयन करने तथा डोभा, मेड़बन्दी आदि का चयन करने की बात कही गयी है। श्री मीणा शुक्रवार को योजना बनाओ अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में देवघर जिला के वरीय पदाधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी के साथ विकास भवन सभागार में समीक्षा कर रहे थे।
श्री मीणा ने आगे कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाय। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक गांव में अभियान से संबंधित पोस्टर या हैण्डबुक का वितरण तथा दीवार लेखन का कार्य करें, साथ ही प्रत्येक ग्रामीण परिवारों का अभियान में सहभागिता हो यह सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायत स्तर पर रैलियों, जागरूकता रथ के माध्यम से अभियान के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही।
देवघर उपायुक्त ने ‘‘योजना बनाओ अभियान’’ के क्रियान्वयन में देवघर जिला द्वारा प्रखण्डवार अब तक किये गये कार्यों की जानकारी दी।




