NEWSWING
Ranchi, 13 October : राज्य में राशन वितरण की समीक्षा करने के दौरान सूबे के खाद्य आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले के मंत्री सरयू राय ने इस सप्ताह सरायकेला खरसांवा जिला के दुग्धा पंचायत के श्रीरामपुर गांव का दौरा किया. दौरे के दौरान सरयू राय को राशन वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी उजागर हुई. बड़ी संख्या में गांव की महिला-पुरूषों ने मंत्री से कहा कि राशन मिलने में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कुछ लोगों ने अपनी शिकायत में कहा कि उनका राशन कार्ड बनने के 8 महीनों के बाद डीलर ने राशन दिया. कई ग्रामीणों ने सरयू राय को अवगत कराया कि दो महीने से डीलर द्वारा कहा जा रहा है कि उनका राशन कार्ड काट दिया गया है. मंत्री सरयू राय को यह भी शिकायत मिली की राशन और किरोसीन की मुल्य अंकित पर्ची डीलर द्वारा नहीं दी जाती है. कई लोगों ने कहा कि राशन वितरण में पहले की अपेक्षा स्थिति थोड़ी सुधरी है.
सरयू राय ने राशन डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी की मुलाकात
सरयू राय ने राशन डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की. राशन डीलरों ने कहा कि राशन वितरण में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. खासकर किरोसीन तेल के मामले में कहा कि जिस कीमत पर उन्हें तेल मिलता है, वह वितरण करने की कीमत से अधिक है. सरयू राय ने ऑन स्पॉट फोन कर जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे अपने जिले में जितने राशन कार्ड इस बीच काटे हैं, उसका विवरण उपलब्ध करायें. साथ ही कारण बतायें कि राशन कार्ड को क्यों काटा गया. कुछ लोगों की शिकायत थी कि आधार कार्ड नहीं होने के कारण उनका नाम राशन कार्ड से काट दिया गया. जो उचित नहीं है.
राज्य 23 हजार राशन दूकानों के स्तर पर सतर्कता समितियां का करें गठित
मंत्री सरयू राय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 30 अक्टूबर को रांची में राशन डीलरों के वैसे प्रतिनिधियों का सम्मेलन में बुलायें जो प्रदेश स्तर, प्रखंड स्तर और जिला स्तर की सतर्कता समिति के सदस्य में नामित है. सरयू राय ने यह भी निर्देश दिया कि राज्य की सभी 23 हजार राशन दूकानों के स्तर पर सतर्कता समितियां गठित की जाये. एक राशन दुकान में सतर्कता के आठ सदस्य होने की बात कही. इनमें से एक अनुसूचित जनजाति, एक अनुसूचित जाति, एक महिला, एक दिव्यांग, तीन सामान्य वर्ग के सदस्य और पंचायती राज्य संस्थाओं का संबंधित वार्ड सदस्य होगा. सरयू राय ने कहा कि निगरानी समिति राशन दुकान स्तर पर जन वितरण को नियमानुसार संचालित करने में सहयोग करेगी. साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि वे राशन के अपने अधिकार को समझे. सरकार उनका हक दिलाना चाहती है.
लाभुकों की शिकायत सही हुई तो मिलेगा मुआवजा
सरयू राय ने घोषणा की है कि जिस पात्र कार्डधारी को राशन नहीं मिल पाता है, वह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी के पास शिकायत करें. शिकायत सही होने पर सरकार उन्हें राशन के बदले बाजार दर पर मुआवजा देगी.




