
Ranchi : राजधानी रांची के मेन रोड में अंजुमन प्लाजा के निकट रविवार शाम करीब 4 बजे केंद्र में बीजेपी सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने बाइक जुलूस निकाला. जुलूस के दौरान दुकानदारों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में विवाद के कारण माहौल खराब हो गया है.
भगदड़ के कारण मेन रोड में जाम की स्थिति बनी हुई है. आसपास की दुकानें बंद हो गई है. वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है. माहौल को बिगड़ते देख भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस उपद्रवियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में कैसे सुधरेगा शिक्षा का स्तर, जब शिक्षकों को मानदेय देने में ही छूट रहे हैं सरकार के पसीने
क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार केंद्र में बीजेपी सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर कार्यकर्ताओं ने बाइक जुलूस निकाला था. जुलूस जैसे ही डेली मार्केट के पास पहुंचा कार्यकर्ताओं ने धार्मिक नारेबाजी शुरू कर दी. डेली मार्केट के पास के दुकानदारों ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं से धार्मिक नारेबाजी के बजाय बीजेपी के पक्ष में नारेबाजी करने और वहां से धीरे-धीरे जुलूस को बढ़ाने की अपील की. मगर बीजेपी कार्यकर्ता वहीं पर रुक कर धार्मिक नारेबाजी करने लगे, जिसका दुकानदारों ने विरोध किया, जिसके बाद दुकानदारों और कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि वाहनों में तोड़फोड़ की गयी, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गयी. मौके पर अज्ञात लोगों ने जुलूस में शामिल कई लोगों के साथ मारपीट भी की. मारपीट में कई लोग घायल हुये. जिसके बाद आसपास की दुकानें बंद हो गई. विवाद की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने पूरे इलाके को छाबनी तब्दील कर दिया है.
कुछ लोग रांची शहर को डिस्टर्ब करना चाहते हैं, लेकिन शहर के अमन-चैन में विश्वास रखने वाले लोग उनके मंसूबे को कभी पूरा नहीं होने देंगे. कुछ लोग प्रवित्र रमजान के महीनों में ही शांति प्रिय रांची शहर को डिस्टर्ब करना चाहते हैं. लेकिन शहर के लोग किसी अफवाहों पर ध्यान न देते हुए आपसी भाईचारे का ख्याल रखते हुए मिल जुलकर महान पर्व को मनाएं
मनोज कुमार पांडेय
राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता
भाजपा अल्पसंख्यकों को डराना चाहती है. शासन का बेजा इस्तेमाल करना चाहती है, जो उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा जान-बूझकर माहौल खराब करना चाहती थी, लेकिन प्रशासन एवं शांति प्रिय लोगों ने इनके नापाक इरादों को सफल नहीं होने दिया. शहर का माहौल खराब करने वालों पर कारवाई की जानी चाहिए.
आलोक कुमार दूबे
प्रवक्ता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हीनू चौक को भी किया जाम
इधर मेन रोड की घटना के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हीनू चौक को भी जाम कर दिया है. जाम के कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गयी है.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




