
Manoj Kumar
यूं तो आज भी नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. उनमें जनता से कनेक्ट होने की अद्भुत क्षमता है, लाजवाब वक्ता हैं और परिश्रमी भी हैं. मोदी जी और अमित शाह की जोड़ी चुनावी जीत का पर्याय बन गया तभी तो आज बीजेपी की केंद्र के साथ ही साथ 20 राज्यों में सरकार है, पर लोकसभा के उप चुनाव के परिणाम से यह निष्कर्ष निकला कि यह जोड़ी अपराजेय नहीं है.
राजस्थान के अलवर,अजमेर और अररिया हारे साथ ही अभी महाराष्ट्र की एक लोक सभा के सीट को भी NCP के हांथों गवां दिए. यूपी में तो मोदी-अमित की जोड़ी के साथ ही हिंदुत्व का नवीन चेहरा योगी के रहते पहले फूलपुर और गोरखपुर चुनाव हार गए और अभी कैराना भी हाथ से निकल गया. यहां उल्लेखनीय है कि 80 लोक सभा क्षेत्रों वाला यही यूपी बीजेपी को गत लोक सभा के आम चुनाव में 73 सीटें देकर बहुमत दिलाया था पर अब यूपी सम्भवतः 2019 के चुनाव में ऐसा न कर पायेगा फलतः बीजेपी को बहुमत मिलना मुश्किल. अगर NDA की सरकार की वापसी होगी भी तो नेतृत्व मोदी जी ही करेंगे यह निश्चय नहीं. मोदी जी को भी बगैर बहुमत का नेतृत्व अनुकूल नहीं होगा और सहयोगी दलों को भी तब मोदी जी का नेतृत्व मंजूर नहीं होगा. यह तय है कि बगैर यूपी फतह के बीजेपी को अकेले बहुमत आयेगा नहीं क्योंकि अखिलेश और मायावती की जोड़ी बीजेपी पर भारी है और इस जोड़ी के साथ अजित सिंह और कांग्रेस को जोड़ देने पर यह महागठबंधन अपराजेय हो जाता है जो 50% से ज्यादा वोट लाने में सक्षम है. यह स्थिति मोदी-अमित जोड़ी के लिए चिंताजनक है.
कैराना बीजेपी का एक प्रयोगशाला रहा है फिर भी अबकी चुनाव में यह प्रयोगशाला वोटों के ध्रुवीकरण में असफल रहा और दूसरी तरफ अखिलेश-मायावती बगैर चुनाव प्रचार में सम्मिलित हुए बड़े अंतर से गठबंधन के प्रत्याशी को विजय दिलवाने में सफल रहे. गठबंधन अन्य राज्यों में विपक्ष कर पाता है या नहीं यह अलग बात और अगर गठबंधन हुआ तो नेतृत्व कौन करेगा यह प्रश्न अभी गौण पर है. यूपी में तो गठबंधन होगा और यहां के क्षत्रप ऐसा कर विजय का रसास्वादन कर चुके हैं.अतएव सीटों के प्रारंभिक खींचतान उपरांत मायावती और अखिलेश गठबंधन करेंगे और इसमें जयंत और राहुल सम्मिलित होकर इसे अपराजेय बनायेंगे.
ध्यातब्य है कि गत लोक सभा और विधान सभा के चुनाव परिणाम से यह पता चलता है कि इन दलों के बिखराव की वजह से बीजेपी यूपी फतह की थी न कि मोदी सर की केवल लोकप्रियता की वजह से. मोदी सर आज भी अकेले इन दलों पर भारी हैं, यह भी एक प्रमुख वजह है कि ये दल अपने अस्तित्व रक्षा हेतु गठबंधन किये और आगे भी करेंगे. इन दलों के बीच लाख असहमतियां है पर इन्हें सबसे पहले मोदी जी को परास्त करना है क्योंकि बगैर मोदी जी को परास्त किये ये दल अपने मनसूबे में कामयाब नहीं होंगे. उपर्युक्त विश्लेषण केवल समीकरण के आलोक में था हां इसमें पर्सेप्सन छूट गए. इस बाबत यह कहना उचित होगा कि सर्जिकल स्ट्राईक, नोटबंदी और GST ही तीन उल्लेखनीय कार्य मोदी सरकार का अब तक रहा है. इसमें नोटबंदी और GST का दांव उल्टा पड़ता जान पड़ रहा है और मोदी सर की लोकप्रियता में नकारात्मक प्रगति दिख रही है. एक बात और मनमोहन सरकार के वक्त निराशा के वातावरण से देश को निकालने में मोदी टीम की आक्रमकता अनुकूल था पर अब यह आक्रमकता उल्टा पड़ रहा है, यह घृणा युक्त वातावरण को जन्म दे रहा है जो देश के स्वभाव व चरित्र के अनुकूल नहीं है. अतएव समीकरण और पर्सेप्सन दोनों मामलों में यूपी में विपक्ष बीजेपी पर बढ़त लेता दिख रहा है और यदि ऐसा हुआ तो बीजेपी के बहुमत हासिल करने में यूपी बाधक होगा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




