
Chhapra : चेक बाउंस मामले में भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए छपरा कोर्ट के फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट संजय कुमार सरोज की कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है. कोर्ट ने जमीन मामले को लेकर फरवरी 2011 में गायक को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था लेकिन गायक अदालत के समक्ष हाजिर नहीं हुए पर कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है. उन पर जमीन खरीदने के बाद रुपये नहीं देने का आरोप है. चेक बाउंस होने के बाद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
इसे भी पढ़ें : बागबेड़ा में हमले में घायल भाजयुमो के जिला महामंत्री सूरज ने अस्पताल में दम तोड़ा
गौरतलब है कि मामला रसूलपुर थाना कांड संख्या 120/19 के एनआई एक्ट के तहत विचारण संख्या 241/ 21 से जुड़ा है. इस केस में रसूलपुर थाना के धानाडीह ग्राम निवासी बिहार के मशहूर गायक और भोजपुरी कलाकार शत्रुघन कुमार उर्फ खेसारी लाल यादव के खिलाफ गैर जमानती वारंट निर्गत करने का आदेश दिया गया है.
जानकारी के अनुसार रसूलपुर थाना के असहनी ग्राम निवासी मृत्युंजयनाथ पांडे ने रसूलपुर थाना में 16 अगस्त 2019 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
इस प्राथमिकी में बताया गया था कि जमीन खरीदारी के लिए खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी से 22 लाख 7 हजार रुपये में बात हुई थी, जिसकी रजिस्ट्री दिनांक 4 जून 2019 को एकमा रजिस्ट्री कार्यालय में हुई थी. नकद रुपये के एवज में खेसारी लाल यादव द्वारा 18 लाख रुपये का चेक दिया गया था, जो उन्होंने 20 जून 2019 को अपने खाता में जमा कर दिया. लेकिन, चेक 24 जून को वापस आ गया. दोबारा उन्होंने 27 जून को जमा किया तो बैंक द्वारा 28 जून 2019 को चेक बाउंस होने की जानकारी दी गई. इसको लेकर मृत्युंजयनाथ पांडे ने यह प्राथमिकी दर्ज करवाई.
इसे भी पढ़ें : चिराग ने तेजस्वी यादव को दी शुभकामनाएं, अपनी शादी की बात को टाल गए




