News wing
Khunti, 17 September: भगवान बिरसा के गांव उलीहातू पहुंचे भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने वहां अायोजित एक कार्यक्रम में कहा है कि अमित शाह ने कहा कि देश के तमाम स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मभूमि, उनके गांव को आजादी के 75 साल तक किसी ने विकसित करने की नहीं सोची, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद स्वतंत्रता सेनानियों के गांव को विकसित करने की योजना बनाई जिसके तहत आज वीर शहीद बिरसा मुंडा के गांव को विकसित करने की योजना का शुभारंभ हुआ. पूरे राज्य में शहीदों के 19 गांवों को विकसित किया जाएगा. यह उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी. जहां पक्के मकान शुद्ध पेयजल बिजली शिक्षा और आधारभूत संरचनाओं का संपूर्ण विकास किया जाएगा.
13 अगस्त 2016 को गृह मंत्री व सीएम ने जो घोषणा की थी, पढ़ें : घोषणा के साल भर बीते, कुछ नहीं हुआ भगवान बिरसा के गांव में
साल भर पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह व सीएम रघुवर दास ने की थी यही घोषणा
करीब 13 माह पहले अगस्त 2016 में गृह मंत्री राजनाथ सिंह अौर राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास भगवान बिरसा के गांव उलीहातू गए थे. तभी भी गृह मंत्री अौर सीएम ने यही घोषणा की थी कि अाजादी के बाद से अब तक शहीदोंं के गांवों का विकास किसी ने नहीं किया. अब हम यह सब करेंगे. लेकिन साल भर तक झारखंड सरकार ने शहीदों के गांव में विकास का काम शुरु नहीं किया. अमित शाह के अाने की खबर के बाद उलीहातू में कुछ काम शुरु किए गए. अब देखना है कि उनके जाने के बाद काम जारी रहता है या हमेशा की तरह विकास की बात महज भाषण बन कर ही रह जाती है.
पूरा राष्ट्र भगवान बिरसा का ऋणी है
राज्यसभा सांसद अमित शाह ने कहा कि भगवान बिरसा का पूरा राष्ट्र ऋणी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन अपनी संस्कृति और अपने देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में लगा दिया और अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. अपने 25 साल के जीवन में ऐसा कार्य कर गये कि करोड़ों लोगों के प्रेरणा स्रोत बन गये. उनके आजादी के इस उलगुलान को रोकने का काफी प्रयास हुआ, लेकिन धरती आबा इससे विचलित हुए बगैर अपनी मातृभूमि को आजाद करने के आंदोलन को अनवरत जारी रखा. आज ऐसे वीर की जन्मभूमि में आकर मुझे गर्व है. अमित शाह खूंटी जिला अंतर्गत अड़की प्रखंड स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे. शाह ने कहा कि आजादी की लड़ाई में झारखंड की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है. यहां के वीरों ने भारत माता की चरणों में खुद को अर्पित किया था. आदिवासी भाईयों ने अपने हृदय के अंदर आजादी की लड़ाई को बरकरार रख भारत को गुलामी से मुक्त किया था.
2022 तक शहीदों के सपनों के झारखंड का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश और राज्य की एकता और अखंडता के लिये आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आदिवासी समाज जागरूक हो रहें हैं. उनमें विकास की भूख जगी है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज की बेहतरी का कार्य हो रहा है. 2022 तक धरती आबा बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो कान्हू जैसे तमाम वीर शहीदों के सपनों का भारत और झारखंड के निर्माण होगा. देश और राज्य स्वावलंबी बने इसके लिये हमसब को अपनी भूमिका निभानी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संस्कृति व झारखण्ड को संभालकर रखने वाले आदिवासी समाज के बीच राज्य सभा सांसद हैं जिन्होंने आदर्श ग्राम योजना का शुभारंभ किया. अब राज्य के शहीदों के 19 गांव को विकसित किया जायेगा. उलिहातू जैसे गांव में राजधानी जैसी सुविधा होगी. यह कार्य आजादी के बाद ही प्रारंभ होना चाहिये था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. प्रधानमंत्री ने इस ओर ध्यान दिया और इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ.
आवास योजना का शुभारंभ
इससे पहले भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर अमित शाह एवं रघुवर दास ने श्रद्धासुमन अर्पित किया. साथ ही शहीद ग्राम विकास योजना अंतर्गत आवास योजना का शुभारंभ, बिरसा कॉम्प्लेक्स स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण, बिरसा कॉम्पलेक्स में पौधरोपण, भगवान बिरसा मुंडा से सम्बंधित पुस्तक का विमोचन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत उलिहातू निवासी सुनीता देवी, चांदू देवी, जौनी देवी, रानी देवी और सुमि देवी को सांकेतिक रूप से गैस चूल्हा एवं कनेक्शन का वितरण किया, अनुसूचित जनजाति छात्र छात्राओं यथा उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यायल की छात्रा सोशन्ति कुमारी, मरथा पूर्ति एवं पुनि कुमारी और बिरसा आवासीय विद्यालय के छात्र लखन मुंडा, लक्ष्मी नारायण के बीच सोलर लैंप का वितरण किया.
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
इस मौके पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया था. शिविर में जांच और परामर्श लोगों को दिया गया. चिकित्सकों ने कुष्ठ, टीवी, मलेरिया और सामान्य जांच कर मुफ्त दवा का वितरण किया.
कार्यक्रम में ये थे मौजूद
कार्यक्रम में मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, डॉ लुइस मरांडी, रामचन्द्र चंद्रवंशी, अमर कुमार बाउरी, रणधीर कुमार सिंह, सांसद लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक खिजरी रामकुमार पाहन, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अमित खरे, मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, कल्याण सचिव हिमानी पांडेय समेत कई लोग उपस्थित थे.




