जम्मू/श्रीनगर : जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार को ठंड और कोहरे के कारण प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया की शुरुआत धीमी रही। इस चरण में राज्य की 15 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। लद्दाख क्षेत्र के नुबरा, लेह, करगिल और जांस्कर निर्वाचन क्षेत्रों में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। गुरेज सीमा निर्वाचन क्षेत्र में केवल एक या दो मतदाता ही मतदान केंद्र तक पहुंचे।
डोडा, भदेरवा, किश्तवाड़, इंदेरवाल, रामबन एवं बनिहाल निर्वाचन क्षेत्र में भी सुबह की ठंड ने मतदाताओं को प्रभावित किया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 15 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई।
एक अधिकारी ने बताया, “सातों जिलों में सभी 1,787 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ।”
अधिकारी ने बताया, “सुबह के समय मतदान प्रक्रिया धीमी रही, लेकिन दिन में मौसम गर्म होने बाद मतदान में तेजी आने की संभावना है।”
गांदेरबल जिले की कंगन विधानसभा सीट के हरिगनिमेन मतदान केंद्र पर कड़ाके की ठंड के बावजूद मतदाताओं, खासतौर से युवा मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया।
यहां पारंपरिक कश्मीरी परिधान पहने बहुत से युवा मतदाता मतदान केंद्र पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर पहली बार मतदान कर रहे हैं।
इस मतदान केंद्र पर कुल 642 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 335 पुरुष और 307 महिलाएं हैं। सुबह 8.30 बजे तक केंद्र पर लगभग 50 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
एक 20 वर्षीय छात्रा मामिना ने बताया, “मैं उसे वोट दूंगी, जो इस पिछड़े इलाके के विकास के लिए काम करेगा।”
शुरुआती घंटे बाद , धूप निकलने और मौसम साफ होने के बाद मामारचेरमन, कंगन और मारगुंड जैसे स्थानों पर मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई।
मतदान के इस चरण में कश्मीर घाटी के दो जिलों, लद्दाख क्षेत्र के दो और जम्मू क्षेत्र के तीन जिलों में मतदान हो रहा है।
निर्वाचन आयोग ने 255 माइक्रो पर्यवेक्षकों के अलावा, 159 केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है।
राज्य में 10 लाख से अधिक मतदाता 123 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। , (आईएएनएस)




