Uncategorized

ब्रिटेन के चिकित्सक ने की जयललिता के स्वास्थ्य की जांच

चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता के स्वास्थ्य की जांच ब्रिटेन से आए एक विशेषज्ञ चिकित्सक ने की। हालांकि इस बीच न तो राज्य सरकार और न ही अपोलो अस्पताल से उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान आया है। जयललिता पिछले करीब एक सप्ताह से अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें बुखार और शरीर में पानी की कमी के कारण 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ब्रिटिश चिकित्सक रिचर्ड जॉन बील ने शुक्रवार को अपोलो अस्पताल में जयललिता के स्वास्थ्य की जांच की। वह लंदन ब्रिज अस्पताल में कंसलटेंट इंटेनसिविस्ट हैं।

इस बीच, जयललिता के स्वास्थ्य को लेकर शहर तथा समाज के विभिन्न हिस्से में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। लोग उनके स्वास्थ्य की विश्वसनीय व विस्तृत जानकारी की मांग करने लगे हैं।

अपोलो अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, जयललिता की हालत का बुलेटिन शनिवार को आ सकता है। शुक्रवार को कोई बुलेटिन नहीं जारी किया गया था।

इससे पहले अपोलो अस्पताल ने कहा था कि जयललिता का बुखार उतर गया है, पर उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में रहने की आवश्यकता है।

हालांकि इस बीच जयललिता के हवाले से पार्टी की कई घोषणाएं होती रहीं।

विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि ने जयललिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार को उनके स्वास्थ्य से संबंधित अफवाहों पर विराम लगाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चूंकि जयललिता की अध्यक्षता में कावेरी जल मुद्दे पर राज्य के अधिकारियों की बैठक हुई, ऐसे में राज्य सरकार को कम से कम अस्पताल की उनकी एक तस्वीर जारी करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button