: विजय मारू :
झारखंड का दुर्भाग्य रहा है!.. झारखंड और पड़ोस के छत्तीसगढ़ का जन्म एक साथ हुआ। छत्तीसगढ़ के लोग आज अगर खुश नजर आते हैं.. या चर्चा करते हैं कि हमारे यहां डेवेलॉपमेंट हो रहा है तो झारखंड के लोगों के मन यह चीज क्यों नहीं आ रही है। कहीं न कहीं कमी तो रही है इन 13 सालों में! 15 नवंबर 2000 को, एक ही दिन दोनों सरकारें बनीं। और कोइन्सिडेंस (संयोग) कहिए कि दोनों ही सरकारें बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) के नेतृत्व में बनीं। लेकिन, झारखंड की सच्चाई यह है कि यहां हर सरकार को अपने गठबंधन पार्टनरों की वजह से कॉम्प्रोमाइज करने पड़े। आज कोई एक पार्टी होती, बहुमत में होती, तो ठोस दिशा निर्देश दे सकती थी कि मुझे इसी तरह सरकार चलानी है। लेकिन, आज कोई अच्छा काम करने के लिए ठोस निर्णय लेना है लेकिन मेरा सहयोगी, चाहे वह अकेला ही विधायक क्यों न हो, टांग अड़ा दे तो मैं आगे नहीं बढ़ सकूंगा!.. अब देखें, भगवान चाहे तो अगले चुनावों में.. या उससे भी आगे तक.. लोगों को इंतजार करने पड़े कि जबतक ‘वन पार्टी रूल’ नहीं होगा सुखद बदलाव संभव नहीं है।
मेरे विचार से एक तत्काल समाधान है, प्रिइलेक्शन एलायंस। चुनाव से पूर्व ही एक ऐसा समीकरण बने.. जैसे, एक दो पार्टी मिलकर चुनाव लड़ें और एकसाथ जीतने के बाद सरकार बनाये, तभी कुछ विकास की बात होगी। वरना, दुर्भाग्य रहेगा अगर एक एक वोट के लिए सरकार की निर्भरता रहे.. विकास की अपेक्षा करना ही बेमानी होगा.. चाहे कितना भी अच्छा इन्टेंशन हो किसी मुख्यमंत्री का। हम तो उसे बेचारा ही बोलेंगे!
अबतक क्या होता रहा?.. पार्टियां अलग अलग चुनाव जीतती हैं, किसी को बहुमत नहीं। बाद में, दो बिल्कुल भिन्न विचारधारा की पार्टियां केवल इसलिए गठबंधन कर लेती हैं कि ‘किसी तरह सरकार तो चलाना है!..’ तर्क दिया जाता है कि ‘हम जनता पर दूसरा इलेक्शन का बोझ नहीं थोपना चाहते। इसलिए हमने एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम (साझा न्यूनतम कार्यक्रम / सीएमपी) बना लिया और सरकार चलाने लगे।’ लेकिन, यह कॉमन मिनिमम प्रोग्राम महज एक दिखावा है। सीएमपी हमने बना तो लिया लेकिन मन से लागू तक नहीं करते। दरअसल, वह सीएमपी तो किसी और लक्ष्य को लेकर किया गया समझौता होता है। अगर, चुनाव से पहले सीएमपी बनाकर चुनाव लड़ें तो कम से कम वोटर को तो पता होगा कि उसके नेता का लक्ष्य क्या है।
इन हालातों के पीछे दोषी हम ही!
मेरा मानना है कि अल्पमत सरकार बनने के पीछे दोषी यहां की जनता ही है.. हम ही हैं दोषी। मतदाताओं में बहुत बिखराव है। आम लोगों को यह निश्चय करना होगा कि मेरा भविष्य ‘इस पार्टी’ के साथ बेहतर होगा!.. मैं मानता हूं कि इन 13 सालों में निराशा काफी बढ़ी है, लेकिन इसके लिए हम हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठ जाएं। वोटिंग पर्सेन्टेज लगातार खराब होती जाएगी तो स्थिति और भी बिगड़ेगी। सुधार जनता के ही हाथों में है।
वर्तमान हेमंत सरकार से अपेक्षा?
मैं तो यही कहूंगा कि जो पिछले 13 सालों में नहीं हुआ, वह डेढ़ साल में करके दिखाये यह सरकार! वैसे, दूसरा पहलू यह भी है कि इस सरकार को कोई डर भी नहीं है.. आखिर डेढ़ साल तो है ही इनके पास.. साल भर चले या छह महीने में ही गिर जाए.. क्या फर्क पड़ता है? फिर तो इलेक्शन होना ही है।.. लेकिन इनके पास सुनहरा मौका है कि ये डेढ़ साल में कुछ करके दिखायें।
मेरे विचार से वर्तमान सरकार में जो पार्टिंया हैं उनकी नजर वास्तव में 2014 के लोकसभा और राज्य के विधानसभा चुनावों पर है। अगर वे अगले इलेक्शन में जीत चाहती हैं तो उन्हें आज से ही सकारात्मक दिशा में काम करना होगा। इनकम्बेंसी फैक्टर नहीं आये, यह इन्हें साबित करना होगा। क्योंकि खाली नारेबाजी से अब जीतना बहुत मुश्किल हो जाएगा।
मेरे ख्याल से, समय ज्यादा नहीं है.. 2014 का लोकसभा चुनाव शायद जून तक हो ही जाए। आधा अगस्त बीत चुका है। अभी सरकार 15 नवंबर के स्थापना दिवस तैयारी में जुट जाएगी। उस समय घोषणाएं करेगी, वायदे करेगी। अगर घोषणाओं वायदों पर ये क्रियांवयन नहीं करेंगी तो विपक्ष को बहुत अच्छा मौका मिल जाएगा! इसलिए वर्तमान सरकार के लिए तो यह अल्प अवधि एक अग्निपरीक्षा है। मेरे विचार से अगला इलेक्शन जो हारेगा उसे आगे के लिए भी बहुत तकलीफ होनेवाली है।
कितना खरा उतरेगी हेमंत सरकार!
मेरे विचार से हेमंत सरकार को एक राहत तो है कि निर्दलीयों पर बहुत निर्भरता नहीं है, जैसा, शुरूआत में ही गठबंधन दलों ने तय कर लिया था कि सरकार में निर्दलीयों की भूमिका नगण्य होगी। पहले जो सरकारें रही हैं उन्हें पांच छह निर्दलीयों के एक एक वोट के लिये भी मशक्कत करना पड़ता था, जो मुश्किल इनके साथ नहीं होगी। इसलिए चाहे तो सरकार चल सकती है। आखिर, किसी के मन में यह तो नहीं है कि झारखंड का विकास नहीं देखना चाहता! सभी पार्टियों का नजरिया तो यही है कि झारखंड का विकास हो। बस मामला अटकता रहा है ‘शॉर्ट टर्म गेन्स’ (कम से कम समय में लाभ उठाने की नीयत) के कारण।
विजय मारू … एक परिचय
विजय मारू ने 1969 में बीआई मेसरा से मेकैनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री ली। इंजीनियरिंग करते ही अपनी फैक्ट्री को संभालने में जुट गए। तब परिवार की एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में चलती थी। लेकिन, बाद में पिता की इच्छा पर अखबार के काम काज में हाथ बंटाने लगे। इनकी मुख्य भूमिका थी टेक्नोलॉजी के पहलू को संभालने में। रांची एक्सप्रेस बिहार का पहला अखबार था जिसने अमेरिकी टाइपसेटिंग यूनिट लगायी थी। बिहार के अखबारों में पहली ऑफसेट मशीन रांची एक्सप्रेस ने लगायी थी। उस जमाने में ‘आर्यावर्त’ और ‘इंडियन नेशन’ अखबार काफी आगे रहा करते थे, लेकिन रांची एक्सप्रेस ने तकनीक के क्षेत्र में उनसे भी आगे की छलांग लगायी। श्री मारू कहते हैं, कि पिताजी (स्व. सीताराम मारू) ने अपने अखबार (रांची एक्सप्रेस) को कभी व्यावसायिक नजरिये से नहीं देखा, एक सामाजिक दायित्व की तरह चलाते रहे। शायद यही कारण है कि आज के दिन हम व्यवसाय में औरों से पिछड़ गए हैं! लेकिन आज भी हमारे अखबार में जो कुछ छपता है उसके लिए हम गिल्टी या इन्फिरियर फील नहीं करते।’ विजय मारू बाद में ज्यादा समय दिल्ली में रहकर मार्केटिंग देखने लगे। श्री मारू कुछ सालों से ‘एकल विद्यालय फाउन्डेशन ऑफ इंडिया’ के प्रेसिडेंट हैं और ‘रांची एक्सप्रेस’ अखबार समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर भी। पिछले दिनों (12 अगस्त) दिल्ली में, श्री मारू को 2013 का ‘भामाशाह रत्न’ एवार्ड से भी नवाजा गया। ‘कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (नई दिल्ली)’ द्वारा आयोजित एक समरोह में केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डा मुरली मनोहर जोशी के हाथों यह अवार्ड विजय मारू को समाज सेवा में उनके आजीवन योगदान के लिए दिया गया। हालांकि, श्री मारू अब रांची में ही स्थायी तौर पर रहकर अपने संस्थान (रांची एक्सप्रेस ग्रूप) की देख रेख में पूरा समय देने का मन बना रहे हैं।
(न्यूज विंग से बातचीत के आधार पर।)




