
Ranchi : अधिवक्ता हिमांशु मेहता ईडी कार्यालय पहुंचे हैं. रांची स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में उपस्थित होने के लिये ईडी ने समन भेजकर 28 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था. हिमांशु मेहता पर जयंत करनाड के पक्ष में सेना के कब्जे वाली जमीन से संबंधित कागजात उपलब्ध कराने व करनाड को उत्तराधिकारी साबित कराने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता हिमांशु कुमार मेहता ने जयंत करनाड के लिए कागजात तैयार करवाये और वर्ष 2007 में हाई कोर्ट में जयंत करनाड को उक्त जमीन का उत्तराधिकारी घोषित करवाते हुए सेना से किराए का दावा किया. साथ सेना से उक्त जमीन खाली कराने संबंधित आदेश भी कोर्ट से ले लिया. जयंत करनाड के पक्ष में सभी कागजात अधिवक्ता हिमांशु कुमार मेहता ने ही तैयार किया. कोर्ट के आदेश पर सेना ने जयंत करनाड को वर्ष 1998 से 2008 तक का किराए के रूप में 50 हजार 874 रुपये का भुगतान किया. जबकि ईडी की जांच में जयंत करनाड के पास उत्तराधिकारी से संबंधित कोई कागजात भी नहीं था. ईडी की अनुसंधान में यह खुलासा हुआ है कि जयंत करनाड के पक्ष में सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन के कागजात तैयार किए गए थे. इसके बाद अधिवक्ता हिमांशु कुमार मेहता के निर्देश पर जयंत करनाड ने वर्ष 2019 में उक्त जमीन 16 डीड से 14 खरीददारों को केवल 2.55 करोड़ बेच दी थी.




