नई दिल्ली | देश के आठ प्रमुख उद्योगों में सितम्बर माह में 5.1 फीसदी विकास दर्ज किया गया। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोयला और पेट्रोलियम रिफायनरी उद्योग में दोहरे अंकों में विकास दर्ज किया गया। प्रमुख उद्योगों को औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 37.90 फीसदी योगदान होता है। पिछले वर्ष के समान महीने में आठ प्रमुख उद्योगों में 2.5 फीसदी विकास दर्ज किया गया था।
आठ प्रमुख उद्योगों में शामिल हैं कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम रिफायनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक मौजूदा कारोबारी साल की पहली छमाही में आठ प्रमुख उद्योगों में 3.2 फीसदी विकास दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में पांच फीसदी विकास दर्ज किया गया था।
कोयला उत्पादन में आलोच्य माह में 21.4 फीसदी विकास रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसमें 18.2 फीसदी गिरावट रही थी।
पेट्रोलियम रिफायनरी उत्पादों में 11.4 फीसदी विकास दर्ज किया गया, जिसमें पिछले साल की समान अवधि में 4.3 फीसदी तेजी थी।
सीमेंट उत्पादन 13.4 फीसदी बढ़ा, जिसमें सितम्बर 2011 में 2.2 फीसदी विकास दर्ज किया गया था।
बिजली, उर्वरक और इस्पात क्षेत्र में हालांकि कम विकास दर्ज किया गया।
बिजली क्षेत्र में 3.7 फीसदी, उर्वरक क्षेत्र में 5.7 फीसदी और इस्पात में दो फीसदी विकास दर्ज किया गया।




