
मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार
दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट करने को लेकर हॉस्पिटल स्टाफ का हंगामा, परिजनों को पीटा
Ranchi: हॉस्पिटल में मात्र पांच घंटे रहने का खर्च 18 हजार रुपए? जहां न तो दवा है, न ही वेंटीलेटर, न ही प्रॉपर आईसीयू है. जी, हां हम बात कर रहे हैं इरबा स्थित एसीएमएस हॉस्पिटल की. जहां न केवल मरीज बल्कि अटेंडेंट के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. इतना ही नहीं संक्रमित को पहले उपायुक्त रांची और हॉस्पिटल के पत्र के बहाने मरीज को दो घंटे तक बिना ऑक्सीजन के रख दिया गया. जिससे मरीज की स्थिति और खराब हो गई.
प्राइवेट हॉस्पिटल की इस तरह की मनमानी को लेकर कर्नल संजय सिंह ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मानवता को शर्मसार करने वाले इस हॉस्पिटल के विरुद्ध कड़ी करवाई करने की मांग की है.

क्या है पूरा मामला
डाल्टनगंज के प्रदीप सिन्हा को एम्बुलेंस ड्राइवर के माध्यम से फंसा कर 14 मई को रात 11 बजे भर्ती किया गया. हॉस्पिटल में दवाइयां नहीं थी. उनके पुत्र और अटेंडेंट सन्नी को रात्रि 11.30 बजे बाहर से दवा लाने को कहा. उनका पुत्र भी दिन भर भूखा प्यासा और अस्वस्थ था. कोई साधन नहीं मिलने के कारण पैदल ही चल पड़ा और थोड़ी दूर जाकर वह बेहोश हो गया. किसी तरह उसको बचाया गया. हॉस्पिटल की अव्यवस्था को देखते हुए जब मरीज को राम प्यारी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में शिफ्ट करने हेतु एम्बुलेंस भेजा तब स्टाफ,नर्स और गार्ड मिलकर एक गिरोह की तरह प्रदीप सिन्हा के पुत्र और अटेंडेंट सन्नी से अठारह हज़ार पहले ले लिया. फिर उनका ऑक्सीजन हटाकर बोले कि उपायुक्त रांची और रामप्यारी हॉस्पिटल का पत्र चाहिए. इसके बाद एसएसपी रांची की मदद से बड़ी मुश्किल से उन्हें छोड़ा गया. इस दौरान मरीज के पुत्र को वहां के स्टाफ और गार्ड ने मारपीट करते हुए धक्का देकर बाहर कर दिया.
इसे भी पढ़ें: एसबीआई क्लर्क भर्ती की अंतिम तिथि 20 जून तक बढ़ी, गाइडलाइन्स हुई जारी




